रामबाग चौराहे पर दिनदहाड़े चोरी, ‘तेल टपकने’ का झांसा देकर कार से पार किया हैंडबैग

रामबाग चौराहे के पास मिठाई खरीदने उतरे परिवार को शातिर चोर ने ‘गाड़ी से तेल टपकने’ का झांसा देकर निशाना बनाया। कार से हैंडबैग चोरी कर आरोपी फरार हो गया, जिसमें मोबाइल और सोने के आभूषण थे। घटना सीसीटीवी में कैद हुई है और पुलिस जांच में जुटी है।

Apr 23, 2026 - 15:17
 0
रामबाग चौराहे पर दिनदहाड़े चोरी, ‘तेल टपकने’ का झांसा देकर कार से पार किया हैंडबैग
सीसीटीवी में वह कार, जिसमें से बैग चोरी हुआ।

मिठाई खरीदने उतरे परिवार को बनाया निशाना, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात 

आगरा। आगरा के थाना एत्मादद्दौला क्षेत्र में दिनदहाड़े शातिर चोरों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती दी है। मामला रामबाग चौराहे के पास का है, जहां एक परिवार को बेहद चालाकी से निशाना बनाया गया।

जानकारी के मुताबिक, गोपाल वर्मा अपनी पत्नी मुस्कान और बेटे निशांत के साथ वैगनर कार से टेड़ी बगिया से सीता नगर जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने कृष्णा स्वीट्स के पास कार रोकी और मिठाई लेने के लिए उतर गए।

इसी दौरान एक युवक कार के पास आया और गोपाल वर्मा से कहा कि उनकी गाड़ी से तेल टपक रहा है। युवक की बात सुनकर गोपाल वर्मा तुरंत कार से उतरकर बोनट चेक करने लगे। इसी बीच मौका पाकर आरोपी ने कार की पिछली सीट पर रखा हैंडबैग उठाया और फरार हो गया।

हैंडबैग में उनकी पत्नी का मोबाइल फोन, गले की सोने की चेन और कानों के टॉप्स रखे हुए थे। वारदात के बाद पीड़ित परिवार के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत पुलिस से संपर्क किया। घटना की पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। पीड़ित गोपाल वर्मा ने थाना एत्मादद्दौला में तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।

इस तरह की वारदातें आगरा में लगातार सामने आ रही हैं, जहां बदमाश लोगों को किसी बहाने से गाड़ी से उतारते हैं और मौका मिलते ही कीमती सामान लेकर फरार हो जाते हैं। इससे आम लोगों में डर का माहौल है।