भैंस ने बकरी को मारा सींग, विरोध करने पर किशोरियों से मारपीट, शिकायत लेकर पहुंचे पिता को भी पीटा
आगरा। खंदौली थाना क्षेत्र के हाजीपुर खेड़ा गांव में भैंस द्वारा बकरी को घायल किए जाने का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि बकरी को सींग मारने की शिकायत करने गई दो किशोरियों के साथ मारपीट की गई। जब उनके पिता शिकायत करने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हाजीपुर खेड़ा निवासी सुभाष चंद्र पुत्र हीरालाल ने खंदौली थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनकी बकरी खेत पर चर रही थी। इसी दौरान नरेश की भैंस ने उनकी बकरी को सींग मार दी, जिससे बकरी गंभीर रूप से घायल हो गई।
रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना की शिकायत करने उनकी बेटियां कीर्ति (15 वर्ष) और मानवी (13 वर्ष) नरेश के पास गईं। आरोप है कि शिकायत से नाराज होकर नरेश ने दोनों किशोरियों के साथ मारपीट कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि जब वह इस मामले की शिकायत करने नरेश के घर पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद नरेश, लवकुश, विनय और तेज सिंह ने उनके साथ भी मारपीट की। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद सुभाष चंद्र ने खंदौली थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।