बिल्डिंग का नक्शा पास था, पर निर्माण उससे अलग, फायर एनओसी भी नहीं थी, लखनऊ अग्निकांड में 15 हुई मृतकों की संख्या

लखनऊ की जिस इमारत में आग लगी, उसके ग्राउंड फ्लॉर पर एक पेट शॉप थी, जबकि ऊपर के फ्लोर पर 3डी आर्ट स्टूडियो और बच्चों की लाइब्रेरी संचालित हो रही थी।

Jun 22, 2026 - 20:30
 0
बिल्डिंग का नक्शा पास था, पर निर्माण उससे अलग, फायर एनओसी भी नहीं थी, लखनऊ अग्निकांड में 15 हुई मृतकों की संख्या

लखनऊ। लखनऊ के अलीगंज स्थित पुरनिया इलाके में आज सोमवार दोपहर बाद तीन बजे के करीब लगी भीषण आग ने पूरे शहर को झकझोर दिया। तीन मंजिला इमारत में लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया, जिसके बाद अंदर फंसे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए कई लोगों को ऊंचाई से कूदना पड़ा, जबकि कुछ लोग पाइप के सहारे नीचे उतरकर बाहर निकले। इस हादसे में अबतक 15 लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आग लगने की घटना में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्रभावित परिवारों से संपर्क करें, हर संभव मदद दें और घायलों के उचित इलाज की व्यवस्था करें। सीएम योगी ने लखनऊ अग्निकांड में मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है। साथ ही घायलों को 50-50 हजार रुपये की मदद का ऐलान किया गया है।

जानकारी के मुताबिक जिस इमारत में आग लगी, उसके ग्राउंड फ्लॉर पर एक पेट शॉप थी, जबकि ऊपर के फ्लोर पर 3डी आर्ट स्टूडियो, कंप्यूटर कोडिंग से जुड़ा कार्य और बच्चों की लाइब्रेरी संचालित हो रही थी। आग लगने के बाद सबसे पहले पेट शॉप में मौजूद जानवरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
 
लखनऊ अग्निकांड को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. जानकारी के मुताबिक जिस बिल्डिंग में आज आग लगी उस बिल्डिंग का मानचित्र पास था लेकिन निर्माण उसके विपरीत किया गया था। सेटबैक कवर करके निर्माण किया गया था। धीरेंद्र और सुरेंद्र शुक्ला के नाम पर नाम से ये मानचित्र पास हुआ था। एलडीए ने इस मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की है।

लखनऊ अग्निकांड में सीएम योगी ने केजीएमयू में पीड़ितों के परिजनों से बात की। सीएम ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि एक भी जिम्मेदार अधिकारियों को बख्शेंगे नहीं। पीड़ित परिजनों से सीएम ने कहा कि हर एक जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करेंगे।