जमीन के टुकड़े पर चली गोलियां, बरेली के रामगंगा कटरी में खूनी संघर्ष, पुलिस पर भी फायरिंग

-आरके सिंह- बरेली (फरीदपुर)। रामगंगा की कटरी में पुश्तैनी जमीन के विवाद ने ऐसा हिंसक रूप लिया कि गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका दहल उठा। थाना फरीदपुर क्षेत्र के गोविंदपुर गांव में बृहस्पतिवार रात दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में करीब 25 राउंड फायरिंग हुई। हालात तब और बिगड़ गए जब मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी हमलावरों ने गोली चला दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Apr 11, 2026 - 21:20
 0
जमीन के टुकड़े पर चली गोलियां, बरेली के रामगंगा कटरी में खूनी संघर्ष, पुलिस पर भी फायरिंग

घटना के संबंध में थाना फरीदपुर के प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम ने बताया कि ग्राम गोविंदपुर में एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच पुश्तैनी जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। बृहस्पतिवार रात विवाद अचानक हिंसक हो गया और लाइसेंसी राइफलों से हवाई फायरिंग व गाली-गलौज शुरू हो गई। दोनों पक्षों ने थाने में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कराए, जिनमें धारा 109(1)/191(2)/352/351(3) बीएनएस तथा 109(1)/191(2)/324(4)/352 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस ने जब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी तो हमलावरों ने पुलिस टीम पर ही हमला कर दिया और सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए फायरिंग की। इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई तेज की और घटना में शामिल आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में अवनीश, टीटू, अनूप, रामजीत, अमर सिंह, धनेश्वर पाल सिंह, सूरजभान सिंह और रंजीत सिंह निवासी ग्राम गोविंदपुर थाना फरीदपुर जिला बरेली शामिल हैं। इनके कब्जे से तीन लाइसेंसी .315 बोर राइफल, खोखा कारतूस एवं जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने साक्ष्य संकलन के आधार पर मुकदमे में धारा 3(5) बीएनएस, 25/27/30 आर्म्स एक्ट एवं 07 सीएलए एक्ट की बढ़ोतरी करते हुए आरोपियों का चालान किया। न्यायालय ने सभी अभियुक्तों को रिमांड पर लेते हुए जेल भेजने के आदेश दिए हैं।

गौरतलब है कि गोविंदपुर के पड़ोसी गांव रायपुर हंस में दो वर्ष पूर्व भी जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष हुआ था, जिसमें तीन लोगों की हत्या हुई थी। इस ताजा घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

SP_Singh AURGURU Editor