आगरा में दबंगों का कहर, घर में घुसकर महिला और बेटियों को पीटा,सीसीटीवी तोड़े, दो आरोपी हिरासत में
सिकंदरा के रुनकता में पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने घर में घुसकर महिला और उसकी बेटियों के साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोपियों ने CCTV कैमरे भी तोड़ दिए। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
आगरा। सिकंदरा थाना क्षेत्र के कस्बा रुनकता में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब दबंगों ने एक परिवार पर घर में घुसकर हमला कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित विष्णु परमार किसी मामले में न्यायालय में तारीख पर गए हुए थे। वहीं पर आरोपियों से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते आरोपी पक्ष के लोग दोपहर में उनके घर पहुंच गए और वहां मौजूद महिलाओं पर हमला बोल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दबंगों ने घर में घुसते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते मारपीट पर उतर आए। उन्होंने घर में मौजूद महिला और उसकी दो बेटियों को जमीन पर गिराकर बेरहमी से लात-घूंसों से पीटा। इतना ही नहीं, हमलावरों ने ईंट-पत्थरों से हमला करते हुए घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ डाला, ताकि घटना का सबूत न बच सके।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए श्याम और सौरभ नाम के दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया। घायल महिला और युवतियों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है। वायरल वीडियो के आधार पर भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।