होली पर दबंगईः अछनेरा क्षेत्र में परिवार पर लाठी-डंडों से हमला, सिर फोड़ा, कई घायल, जान से मारने की धमकी

आगरा। होली जैसे उल्लास और सौहार्द के पर्व पर थाना अछनेरा क्षेत्र के सहाई गांव में दबंगई का खुला खेल देखने को मिला। सहाई पेट्रोल पंप के सामने कॉलोनी में किराए पर रहने वाले एक परिवार पर गांव के ही चार युवकों ने लाठी-डंडों और ईंटों से हमला कर दिया। दंपति सहित उनके पुत्र और पुत्री को बेरहमी से पीटा गया। युवक का सिर ईंट मारकर फोड़ दिया गया। हमलावर जाते-जाते पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल है।

Mar 3, 2026 - 18:59
 0
होली पर दबंगईः अछनेरा क्षेत्र में परिवार पर लाठी-डंडों से हमला, सिर फोड़ा, कई घायल, जान से मारने की धमकी
अछनेरा के सहाई गांव के पास स्थित कॊलोनी में दबंगों के हमले में घायल हुए परिवार के सदस्य।

पीड़िता गीता देवी के अनुसार, उनका बेटा अंकित होली के अवसर पर घर पर मौजूद था। इसी दौरान अंकित का एक दोस्त उसे मिलने आया। जैसे ही दोस्त घर के दरवाजे पर पहुंचा, गांव के ही चार लड़के वहां आ धमके और उससे कहासुनी कर झगड़ा करने लगे।

दरवाजे पर मौजूद अंकित के पिता और आसपास के लोगों ने तत्काल हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया और अंकित का दोस्त घर के अंदर आ गया। मामला वहीं समाप्त होता दिख रहा था, लेकिन दबंगों की नीयत में खोट थी।

करीब दस मिनट बाद जब अंकित का दोस्त वापस जाने लगा तो अंकित उसे दरवाजे तक छोड़ने आया। पहले से घात लगाए बैठे चारों युवक फिर वहां मौजूद थे। उन्होंने दोबारा झगड़ा शुरू कर दिया और अंकित के दोस्त पर हमला बोल दिया।

अंकित ने जब विरोध किया तो हमलावरों ने उसे भी निशाना बना लिया। उसके पिता को भी बेरहमी से पीटा गया। बीच-बचाव करने आई अंकित की बहन पर भी लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। इस बीच गीता देवी को भी चोटें आईं। हमलावरों ने अंकित और उसके दोस्त पर ईंटों से प्रहार किए, जिससे अंकित का सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह मामला शांत कराया। चारों हमलावर परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित परिवार थाना अछनेरा पहुंचा। पुलिस ने घायलों को तत्काल मेडिकल परीक्षण और उपचार के लिए अस्पताल भेजा। सहाई पेट्रोल पंप के सामने कॉलोनी में रह रहा यह परिवार अब दहशत में है और सुरक्षा की मांग कर रहा है।

SP_Singh AURGURU Editor