पशु बेचने के बहाने बुलाया, फिर तमंचे की बट से फोड़ा सिर; नकदी लूटकर फरार हुए दबंग, आगरा के खेड़ा राठौर क्षेत्र में हुई वारदात
आगरा। थाना खेड़ा राठौर क्षेत्र में पशु खरीदने आए दो युवकों के साथ मारपीट और लूट की वारदात सामने आई है। आरोप है कि पशु बेचने के बहाने बुलाए गए दोनों व्यापारियों को गांव के पास घेरकर जमकर पीटा गया और तमंचे की बट से सिर पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवकों से नकदी छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार फिरोजाबाद के कटीनगर, बसई मुहम्मदपुर निवासी कमल और शोभीपुर निवासी विष्णु नामक पशु व्यापारी गाय खरीदने के लिए थाना खेड़ा राठौर क्षेत्र के गांव गुमान सिंह का पुरा पहुंचे थे। बताया गया है कि आरोपियों ने पहले फोन पर पशु बेचने की बात कही और सौदा तय करने के लिए गांव के पास बुलाया।
सुनसान जगह पर ले जाकर किया हमला
पीड़ित युवकों का आरोप है कि जैसे ही वे गांव के पास पहुंचे, वहां पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें सुनसान स्थान की ओर ले जाकर घेर लिया। इसके बाद अचानक दोनों युवकों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी गई और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई।
आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला करने के साथ-साथ कमल के सिर पर पर तमंचे की बट से भी वार किए, जबकि विष्णु हमलावरों से भिड़ गया, लेकिन आरोपियों ने दोनों युवकों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में एक युवक का सिर फट गया और दोनों लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।
नकदी छीनकर फरार हुए आरोपी
घायलों का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनके पास रखी नकदी भी छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए और घायल युवक काफी देर तक सड़क किनारे तड़पते रहे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार और मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भिजवाया।
मेडिकल के बाद पुलिस जांच में जुटी
पुलिस का कहना है कि पीड़ितों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।