आगरा डेफ एनेबल सोसायटी के अभियान में विशेषज्ञों ने महिलाओं-पुरुषों के स्वास्थ्य और पोषण पर दी अहम जानकारी
आगरा। आगरा डेफ एनेबल सोसायटी (ADES) द्वारा 24 मई 2026 को चोखो जीमन, राजा मंडी, आगरा में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 40 से 45 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें दूर-दराज से आए बधिर सदस्य भी शामिल रहे। आयोजन का उद्देश्य स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. सुनीता मल्होत्रा ने महिलाओं एवं पुरुषों से जुड़े स्वास्थ्य विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्वच्छता, हाइजीन, मासिक धर्म और सर्वाइकल कैंसर के बारे में जागरूक किया।
उन्होंने कहा कि कैंसर केवल महिलाओं में ही नहीं, बल्कि पुरुषों में भी हो सकता है, इसलिए सभी को नियमित स्वास्थ्य जांच और जागरूकता बनाए रखना आवश्यक है।
विशेष अतिथि श्रीमती मेघना जैन ने संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाहर का तला-भुना और अस्वास्थ्यकर भोजन स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है, जबकि घर का बना पौष्टिक भोजन शरीर को स्वस्थ और मजबूत बनाता है।
कार्यक्रम में सभी महत्वपूर्ण जानकारियां ललित गुप्ता द्वारा सांकेतिक भाषा के माध्यम से बधिर सदस्यों तक पहुंचाई गईं, जिससे सभी प्रतिभागियों को विषयवस्तु पूरी तरह समझ में आई।
कार्यक्रम में अध्यक्ष रश्मि कसेरा, सचिव अंशु गुप्ता, कोषाध्यक्ष काजल कुमारी, संयुक्त सचिव जीतू, सदस्य भारती एवं बलदेव सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। संस्था द्वारा सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में ऐसे और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के अंत में नए सदस्यों का स्वागत किया गया और स्वास्थ्य जागरूकता को समाज में और व्यापक स्तर पर फैलाने का आह्वान किया गया।