फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर युवती को किया परेशान, केस दर्ज, भाजपा युवा नेता पर संदेह
आगरा में साइबर अपराध का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर उसे मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 66 के तहत मुकदमा दर्ज किया है, हालांकि पीड़िता ने एक भाजपा युवा नेता का नाम भी सामने रखा है। साइबर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में दबिश दी, लेकिन वह फिलहाल फरार है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच में जुटी है।
आगरा। आगरा में साइबर अपराध का एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जिसमें एक युवती ने अज्ञात के नाम से गंभीर आरोप लगाते हुए साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। हांलाकि पीड़िता ने भाजपा के एक युवा नेता का नाम पुलिस को बताया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 66 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी एक जनप्रतिनिधि का करीबी है और स्थानीय स्तर पर राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है। युवती ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसके साथ साइबर माध्यम से उसके नाम का फर्जी इंस्टाग्राम एकांउट बनाया है, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाना छत्ता पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। जांच के तहत पुलिस टीम आरोपी के कृष्णा कॉलोनी स्थित घर पर भी पहुंची, लेकिन वह वहां नहीं मिला। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी का राजनीतिक जुड़ाव होने के कारण पुलिस इस मामले में बेहद सतर्कता से कदम उठा रही है, ताकि जांच निष्पक्ष और ठोस साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ सके। वहीं, पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए पुलिस सभी तकनीकी पहलुओं की भी जांच कर रही है, जिसमें डिजिटल साक्ष्य एकत्र करना शामिल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी का पता लगाकर उसको जल्द गिरफ्तार किया जाएगाऔर किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।