डीपीएस के छात्र विश्वजीत के दांत तोड़ने और जबड़े में फ्रैक्टर करने वाले छात्र के खिलाफ सिकंदरा थाने में मुकदमा दर्ज

आगरा के डीपीएस में दसवीं के एक छात्र पर उसी के सहपाठी द्वारा किये गये हमले के मामले में अब मामला कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आरोपी छात्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सिकंदरा पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Apr 28, 2026 - 19:19
 0
डीपीएस के छात्र विश्वजीत के दांत तोड़ने और जबड़े में फ्रैक्टर करने वाले छात्र के खिलाफ सिकंदरा थाने में मुकदमा दर्ज
पीड़ित छात्र विश्वजीत अपने टूटे हुए दांत दिखाते हुए।

आगरा। दिल्ली पब्लिक स्कूल के शास्त्रीपुरम स्थित परिसर में एक छात्र पिटाई के चर्चित मामले में अहम मोड़ आ गया है। दसवीं के छात्र विश्वजीत मल्होत्रा के साथ हुई बर्बर मारपीट कर तीन दांत तोड़े जाने के मामले में अब थाना सिकंदरा में आरोपी छात्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

पीड़ित के पिता पियूष मल्होत्रा द्वारा दर्ज कराए गए मुकदमे में बताया गया है कि 25 अप्रैल 2026 को उनके बेटे को स्कूल के ही दसवीं के एक छात्र ने बेरहमी से पीटा, जिससे उसके तीन दांत जड़ से उखड़ गए और जबड़े में फ्रैक्चर हो गया।

हमले के बाद विश्वजीत की हालत गंभीर हो गई। जबड़े में फ्रैक्चर और दांत टूटने के कारण वह ठीक से बोल भी नहीं पा रहा है। इस घटना ने न सिर्फ शारीरिक बल्कि मानसिक रूप से भी उसे गहरा आघात पहुंचाया है।

घायल छात्र का इलाज यथार्थ हॉस्पिटल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसे कम से कम तीन महीने तक सामान्य भोजन करना संभव नहीं होगा, जिससे उसकी पढ़ाई और स्वास्थ्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

बोलने में असमर्थ विश्वजीत ने अपने पिता को लिखकर बताया कि आरोपी छात्र ने उसे लगातार कई घूंसे मारे, जिससे वह बेसुध हो गया। पुलिस को साक्ष्य के तौर पर टूटे दांतों की तस्वीरें और मेडिकल रिपोर्ट भी सौंपी गई हैं।

इस कार्रवाई के बाद स्कूलों में सुरक्षा और अनुशासन को लेकर फिर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor