व्यापारियों की आवाज़ लेकर चिराग पासवान के दरबार पहुंचे कैट पदाधिकारी, रिटेल कारोबार और लघु उद्योगों की समस्याओं पर हुई सीधी बात

आगरा। देश भर के व्यापारियों की समस्याओं और रिटेल बाजार की चुनौतियों को लेकर कनफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान से नई दिल्ली स्थित पंचशील भवन में मुलाकात की। इस दौरान व्यापार, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्योगों, बाजार व्यवस्था, सरकारी योजनाओं की जटिलताओं और रोजगार सृजन जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

May 20, 2026 - 13:08
 0
व्यापारियों की आवाज़ लेकर चिराग पासवान के दरबार पहुंचे कैट पदाधिकारी, रिटेल कारोबार और लघु उद्योगों की समस्याओं पर हुई सीधी बात
नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के साथ मीटिंग करते कैट के पदाधिकारी।

कैट के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं आगरा जिलाध्यक्ष रोहित कत्याल ने व्यापारिक हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषय केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में रिटेल व्यापार और सूक्ष्म उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सरकारी प्रक्रियाओं का सरलीकरण बेहद आवश्यक है। व्यापारियों को योजनाओं का लाभ लेने में आ रही तकनीकी और प्रशासनिक अड़चनों को समाप्त किया जाना चाहिए ताकि छोटे और मध्यम कारोबारी भी तेजी से आगे बढ़ सकें।

बैठक में बाजारों में नए रोजगार अवसर सृजित करने, स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहन देने और व्यापारिक गतिविधियों को गति प्रदान करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यदि सरकार व्यापारिक नीतियों को सरल और व्यवहारिक बनाए तो देश का रिटेल सेक्टर आर्थिक मजबूती का बड़ा आधार बन सकता है।

मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने व्यापारिक संगठनों की बातों को गंभीरता से सुना और व्यापार हितों से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार छोटे व्यापारियों और उद्यमियों को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है तथा व्यापार को सुगम बनाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

इस अवसर पर कैट के राष्ट्रीय सचिव पंकज अरोरा, उत्तर प्रदेश महामंत्री अखिलेश मिश्रा, अशोक वाजपेई, घनश्याम गर्ग, आगरा जिला अध्यक्ष रोहित कत्याल, सागर केसवानी, बिहार प्रदेश अध्यक्ष अशोक वर्मा, बंगाल प्रदेश अध्यक्ष रोहित खैतान तथा मध्य प्रदेश अध्यक्ष संजीव जैन सहित विभिन्न राज्यों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor