58 साल की गौरवगाथा का जश्नः आगरा टैक्सेशन बार ने 70 वरिष्ठ अधिवक्ताओं को 'विधि पुरोधा' सम्मान से किया सम्मानित
आगरा। टैक्सेशन बार एसोसिएशन ने अपने 58वें स्थापना दिवस को गरिमामय अंदाज में मनाते हुए न्याय, सत्य और अधिवक्ता परंपरा के सम्मान का संदेश दिया। फतेहाबाद रोड स्थित होटल क्लार्क्स शिराज़ में आयोजित समारोह में बार की 58 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर आधारित स्मारिका 'चिरंतन' का विमोचन किया गया। इस अवसर पर बार के 50 वर्ष पूरे कर चुके 70 वरिष्ठ अधिवक्ताओं, पूर्व अध्यक्षों और पूर्व महासचिवों को पहली बार 'विधि पुरोधा' सम्मान से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि इनकम टैक्स अपीलीय अधिकरण के न्यायिक सदस्य सुनील कुमार सिंह ने अधिवक्ताओं से सत्य और न्याय के मार्ग पर चलते हुए समाज की सेवा करने का आह्वान किया।
समारोह का शुभारंभ इनकम टैक्स अपीलीय अधिकरण के न्यायिक सदस्य सुनील कुमार सिंह, इनकम टैक्स अपीलीय अधिकरण के सदस्य ब्रजेश कुमार सिंह, जीएसटी अपीलीय अधिकरण के सदस्य विवेक कुमार, कार्यक्रम अध्यक्ष राम मोहन सिंह कोटिया, एल्डर कमेटी के चेयरमैन गिरीश अग्रवाल तथा टैक्सेशन बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकिशोर खण्डेलवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि सुनील कुमार सिंह ने कहा कि सत्य ही न्याय का आधार है और अधिवक्ताओं का दायित्व है कि वे सदैव सत्य के मार्ग पर चलकर न्याय व्यवस्था को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज का दर्पण होते हैं और टैक्सेशन बार एसोसिएशन पिछले 58 वर्षों से कर अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा, उनके व्यावसायिक विकास तथा कर कानूनों से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन देकर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
स्थापना दिवस समारोह में वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने संस्था की गौरवशाली यात्रा को याद करते हुए युवा अधिवक्ताओं से संगठन की गरिमा, अनुशासन और परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकिशोर खण्डेलवाल और महासचिव अखिलेश भटनागर ने बताया कि समारोह के दौरान संस्था की स्मारिका 'चिरंतन' का विमोचन किया गया। साथ ही बार के 50 वर्ष पूरे कर चुके 70 वरिष्ठ अधिवक्ताओं, पूर्व अध्यक्षों एवं पूर्व महासचिवों को पहली बार विशेष सम्मान 'विधि पुरोधा' से सम्मानित किया गया।
समारोह के दूसरे चरण में जीएसटी अपीलीय अधिकरण विषय पर मूट कोर्ट का आयोजन किया गया, जिसमें युवा अधिवक्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी विधिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन मोनिल अग्रवाल और संजीव वशिष्ठ ने किया।
21 जुलाई को सेवा दिवस के रूप में होगा समापन
कोषाध्यक्ष अब्दुल अख्तर खान ने बताया कि स्थापना दिवस समारोह का समापन 21 जुलाई को सेवा दिवस के रूप में किया जाएगा। इस अवसर पर लोकहितम ब्लड बैंक के सहयोग से रक्तदान शिविर, हेल्प आगरा के नेतृत्व में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर तथा जीएसटी परिसर में वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया जाएगा।
समारोह में स्वागत अध्यक्ष अनिल वर्मा, अनुराग गुप्ता, विशाल बिंदल, परमेंद्र पाल सिंह, संचित अग्रवाल, अभिनव बंसल, राकेश सारस्वत, मोहित अग्रवाल, कृष्ण मुरारी अग्रवाल, सुनील आनंद, राजेंद्र प्रसाद दीक्षित, सोमेंद्र जैन, रोहित अग्रवाल, वैभव जैन, जीएस उप्पल, मनोज शर्मा, अनिल आदर्श जैन, संजय भटनागर, माधुर अग्रवाल, विजेंद्र अग्रवाल, राजकुमार गोयल, सुनील शर्मा, विनीत जैन, राकेश वर्मा, बरखा यादव, दीपिका राजपूत, रवि कुमार, मनोज त्रिपाठी, भगवान दास, संजीव यादव, गौरव शर्मा, अमित जैन सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।