आत्मनिर्भर नारी का उत्सव: उदयन शालिनी केयर के मंच से गूंजा महिला सशक्तिकरण का संदेश
आगरा। संघर्ष, आत्मविश्वास और सपनों की उड़ान जब एक मंच पर एकत्र होती है, तो समाज में बदलाव की नई कहानी लिखी जाती है। इसी भावना के साथ अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में उदयन शालिनी केयर की ओर से 15 मार्च 2026, रविवार को दयालबाग स्थित प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में एक भव्य, मनोरंजक और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने नारी शक्ति, आत्मनिर्भरता और सामाजिक उत्थान का सशक्त संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना के साथ हुआ। उद्घोषिका राशि पलवार (बैच-2) और नंदिनी झा (बैच-4) ने मंच संचालन करते हुए सभी अतिथियों और उपस्थित जनों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। सरस्वती वंदना के दौरान बैच-1 की शालिनियों द्वारा प्रस्तुत नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और कार्यक्रम की शुरुआत ही सांस्कृतिक सौंदर्य से भर दी।
इस अवसर पर मेंटर प्रतिमा भार्गव ने समाज में महिलाओं की भूमिका और उनके संघर्ष को दर्शाते हुए एक भावपूर्ण एकालाप नाट्य प्रस्तुत किया, जिसने उपस्थित लोगों को गहराई से प्रभावित किया। इसके बाद बैच-2 की शालिनियों द्वारा सामूहिक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम के दौरान मेंटर श्रीमती ललिता कर्मचंदानी ने अपने मधुर गीत से माहौल को संगीतमय बना दिया और सभी को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि गायनोकोलॉजिस्ट डॉ. रुचिका गर्ग ने उदयन केयर के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उदयन जैसी संस्थाएं समाज में परिवर्तन की प्रेरक शक्ति बनती हैं। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी यदि सही मार्गदर्शन और अवसर मिले तो महिलाएं अपनी शक्ति से हर चुनौती को अवसर में बदल सकती हैं।
मुख्य सलाहकार डॉ. सुशील गुप्ता ने अपने आशीर्वचन में कहा कि जीवन में अनेक प्रकार की समाजसेवा करने का अवसर मिला, लेकिन उदयन परिवार के साथ जुड़कर इन बेटियों को गोद लेकर पांच वर्षों तक उनके शिक्षण कार्यक्रम और कार्यशालाओं का आयोजन करना सबसे संतोषजनक अनुभव रहा है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि हर शालिनी को अपने जीवन में एक आदर्श स्थापित करते हुए निरंतर प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में माताओं और मेंटर्स का सम्मान किया गया। इस दौरान सभी ने महिलाओं के योगदान को नमन करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया। अंत में राशि गर्ग ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
इसके बाद ‘हुनर हाट’ का अनावरण किया गया, जिसमें विभिन्न बैच की शालिनियों ने अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया। छात्राओं ने विभिन्न प्रकार की कलाकृतियां बनाकर न केवल अपनी रचनात्मकता दिखाई, बल्कि अन्य शालिनियों को भी इन कलाओं को सिखाया।
कार्यक्रम में प्रतिभा सुनीति शॉ (कार्यक्रम समन्वयिका), जॉन प्रदीप उलरिक (कन्वीनर), शेफालिका श्रीवास्तव, एडवोकेट नम्रता मिश्रा, जगप्रीत सिंह सचदेवा, प्रतिभा कुलश्रेष्ठ, डॉ. शुभा कुलश्रेष्ठ, डॉ. कामना धवन, विजय अग्रवाल, सी.ए. ऋचा बिंदल गोयल, दीपाली खेत्रपाल, दिव्या कालरा, डॉ. नीलम मेहरोत्रा, शशांक अग्रवाल, दीक्षा, मोहित महाजन और मुकेश मीरचंदानी की गरिमामयी उपस्थिति रही।