कल होगा चैम्बर का चुनाव, अंतिम तैयारियां पूरी, 1668 सदस्य करेंगे मतदान, पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव का दावा, गड़बड़ी फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

आगरा। आगरा के उद्योग और व्यापार की दिशा तय करने वाले नेशनल चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज़ एंड कॉमर्स के चुनाव को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वाटर वर्क्स स्थित अग्रवन में गुरुवार को प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा, जिसमें 1668 सदस्य अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव के दौरान हॉल में किसी भी प्रकार के प्रचार की अनुमति नहीं होगी और अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Mar 13, 2026 - 20:09
 0
कल होगा चैम्बर का चुनाव, अंतिम तैयारियां पूरी, 1668 सदस्य करेंगे मतदान, पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव का दावा, गड़बड़ी फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
नेशनल चैंबर चुनाव के लिए कल (शनिवार को) होने वाले मतदान को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप देते चुनाव समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल और उनके सहयोगी।

चैम्बर सभागार में बुधवार को चुनाव समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता चुनाव समिति के चेयरमैन मनीष अग्रवाल ने की। बैठक में चुनाव की सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए बताया गया कि मतदान की पूरी तैयारी पूरी कर ली गई है। मतदान प्रक्रिया गुरुवार को प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक वाटर वर्क्स स्थित अग्रवन में कराई जाएगी।

चुनाव समिति के चेयरमैन मनीष अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कराई जाएगी।

चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए दो प्रत्याशी मनोज कुमार बंसल और मनोज कुमार गुप्ता आमने-सामने हैं। वहीं उपाध्यक्ष पद के दो स्थानों के लिए अम्बा प्रसाद गर्ग, गिरीश चंद गोयल और नीतेश अग्रवाल मैदान में हैं। कोषाध्यक्ष पद के लिए सतीश अग्रवाल और विनय मित्तल के बीच सीधा मुकाबला होगा।

कार्यकारिणी सदस्य के चुनाव में समूह संख्या 3 के दो पदों के लिए अशोक लालवानी, राजेश अग्रवाल, राजकुमार भगत और संजय कुमार अग्रवाल चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि समूह संख्या 9 के तीन पदों के लिए दिनेश कुमार अग्रवाल, केशव दत्त गुप्ता, नितिन अग्रवाल और पवन कुमार अग्रवाल के बीच मुकाबला होगा।

चुनाव समिति के चेयरमैन मनीष अग्रवाल ने बताया कि मतदान प्रक्रिया के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए डीसीपी ट्रैफिक को पत्र भेजकर जानकारी दे दी गई है। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि मतदान के लिए आते समय चैम्बर का आई कार्ड और आधार कार्ड साथ लेकर आएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो सदस्य दोपहर 3 बजे तक मतदान स्थल पर पहुंच जाएंगे, केवल उन्हीं को वोट देने का अधिकार मिलेगा।

मनीष अग्रवाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि चुनाव में गड़बड़ी फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही हॉल के भीतर किसी भी प्रकार के प्रचार की अनुमति नहीं होगी। चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए मतदान और पूरी गतिविधियों की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।

उन्होंने यह भी बताया कि कुछ सदस्य शहर से बाहर होने के कारण मतदान नहीं कर पाएंगे। ऐसे सदस्य चैम्बर कार्यालय के ई-मेल office@ncicagra.in या व्हाट्सएप नंबर 9368774368 पर अग्रिम सूचना देकर अपने मत के दुरुपयोग को रोक सकते हैं।

बैठक में चुनाव समिति के चेयरमैन मनीष अग्रवाल, को-चेयरमैन श्रीकिशन गोयल, पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल, अध्यक्ष संजय गायेल तथा महेन्द्र सिंघल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor