प्रतापपुरा में मेट्रो कार्य की धीमी रफ्तार पर चैम्बर ने जताई चिंता, एक सप्ताह में पाइलिंग कार्य पूरा करने का आश्वासन

आगरा। चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड के परियोजना निदेशक अरविंद कुमार राय से उनके कार्यालय में मुलाकात कर प्रतापपुरा क्षेत्र में चल रहे मेट्रो निर्माण कार्य की धीमी गति से उत्पन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

Jun 10, 2026 - 18:33
 0
प्रतापपुरा में मेट्रो कार्य की धीमी रफ्तार पर चैम्बर ने जताई चिंता, एक सप्ताह में पाइलिंग कार्य पूरा करने का आश्वासन
आगरा मेट्रो के परियोजना निदेशक अरविंद कुमार राय से मुलाकात करते चैंबर के पदाधिकारी।

चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने बताया कि प्रतापपुरा क्षेत्र में पिछले लगभग चार माह से मेट्रो निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन कार्य की धीमी गति के कारण स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, दुकानदारों एवं यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण कार्य के चलते क्षेत्र में लगातार यातायात बाधित हो रहा है, जिससे प्रतिदिन जाम की स्थिति बन रही है और लोगों का समय व ईंधन दोनों व्यर्थ हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रतापपुरा आगरा का अत्यंत व्यस्त एवं महत्वपूर्ण क्षेत्र है, जहां से प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। निर्माण कार्य में देरी के कारण स्थानीय व्यापार भी प्रभावित हो रहा है तथा क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। बरसात के मौसम में जलभराव और धूल-मिट्टी की समस्या नागरिकों के लिए अतिरिक्त परेशानी का कारण बन सकती है।

प्रतिनिधिमंडल ने परियोजना निदेशक से मांग की कि प्रतापपुरा क्षेत्र में मेट्रो निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर दिन और रात दोनों समय तेजी से कराया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

बैठक के दौरान चैम्बर के पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल ने परियोजना निदेशक से आगामी माह में चैम्बर सदस्यों के साथ एक विशेष बैठक आयोजित करने का अनुरोध भी किया।

इस पर परियोजना निदेशक अरविंद कुमार राय ने आश्वासन दिया कि प्रतापपुरा क्षेत्र में चल रहा पाइलिंग कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि आगरा कॉलेज से आगरा कैंट तक मेट्रो परियोजना का कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है और इसे शीघ्र पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने चैम्बर के साथ आगामी माह में बैठक आयोजित करने पर भी सहमति प्रदान की। प्रतिनिधिमंडल में चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल, पूर्व अध्यक्ष के.के. पालीवाल, सीताराम अग्रवाल एवं संजय अग्रवाल उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor