श्रुत पंचमी पर आगरा में गूंजे जिनवाणी के जयघोष, शोभायात्राओं, पूजन और धर्मसभाओं में उमड़ी आस्था

आगरा। जैन धर्म के ज्ञान, आगम शास्त्रों और जिनवाणी की आराधना के महापर्व श्रुत पंचमी पर शुक्रवार को आगरा के विभिन्न जैन मंदिरों में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। सेक्टर-7 आवास विकास, अवधपुरी और छीपीटोला सहित विभिन्न क्षेत्रों में भव्य शोभायात्राएं, जिनवाणी पूजन, धर्मसभाएं, चित्र एवं शास्त्र सज्जा कार्यक्रम तथा धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर जिनवाणी के अध्ययन, संरक्षण एवं आत्मकल्याण का संकल्प लिया।

Jun 19, 2026 - 21:11
 0
श्रुत पंचमी पर आगरा में गूंजे जिनवाणी के जयघोष, शोभायात्राओं, पूजन और धर्मसभाओं में उमड़ी आस्था
आवास विकास कॊलोनी के सेक्टर सात में शुक्रवार को श्रुत पंचमी पर निकाली गई मां जिनवाणी की शोभायात्रा की एक झलक।

सेक्टर-7 आवास विकास में मां जिनवाणी की भव्य शोभायात्रा निकली

श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर, सेक्टर-7 आवास विकास कॉलोनी, सिकंदरा में श्रुत पंचमी के पावन अवसर पर माँ जिनवाणी की भव्य शोभायात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। प्रतिमाधारी श्रीमती जैना जी एवं श्रीमती माया जी ने सिर पर माँ जिनवाणी को विराजमान कर भावपूर्ण सहभागिता निभाई। ढोल-ताशों की मधुर ध्वनि और पाठशाला के बच्चों ने श्रुत पंचमी का संदेश देकर जनसामान्य को जैन धर्म, संस्कृति और परंपराओं से परिचित कराया। महिला मंडल की सदस्याओं ने जिनवाणी स्तुति का सामूहिक गायन किया।

शोभायात्रा श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर से प्रारंभ होकर सेक्टर-7, शिवालिक स्कूल के सामने, सेक्टर-3 स्थित सिग्नेचर के सामने से होते हुए पुनः मंदिर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। श्री शांतिनाथ युवा मंच के सदस्यों ने पालकी में विराजमान माँ जिनवाणी को कंधों पर उठाकर शोभायात्रा का नेतृत्व किया। मां जिनवाणी का पूजन राजेश बैनाड़ा एवं प्रवीण जैन ने विधि-विधान से कराया। इस अवसर पर शास्त्र सजाओ प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मंदिर समिति के अध्यक्ष अतुल जैन, मंत्री राकेश जैन, कोषाध्यक्ष मगन जैन, महेश जैन, राजेश बैनाड़ा, विजय जैन निमोरब, प्रवीण जैन, सुदीप जैन, हेमा जैन, अरुण जैन, नीरज जैन, आलोक जैन, संजय जैन, विपुल जैन, सिद्धार्थ जैन, जितेश जैन, प्रशांत जैन, वैभव जैन, दीपक जैन, सिद्धांत जैन, आदर्श जैन, विशाल जैन, सुषमा जैन (पार्षद), उपासना जैन, हेमलता जैन, अर्चना जैन, रश्मि जैन, मीडिया प्रभारी राहुल जैन सहित सकल जैन समाज उपस्थित रहा।

अवधपुरी में श्रद्धा और भक्ति के साथ सम्पन्न हुआ श्रुत पंचमी महोत्सव

श्री पद्मप्रभु जिनालय, अवधपुरी में श्रुत पंचमी महोत्सव की एक झलक।

श्री पद्मप्रभु जिनालय, अवधपुरी में श्रुत पंचमी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। प्रातःकाल से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और महिलाओं ने मंगल गीतों के बीच जिनवाणी माताओं की तीन परिक्रमा कर उन्हें भगवान के समक्ष समर्पित किया। इसके बाद विधि-विधान से जिनवाणी पूजन सम्पन्न हुआ।

इस अवसर पर पंडित विवेक जैन शास्त्री ने कहा कि जैन धर्म में जिनवाणी मोक्षमार्ग की सच्ची पथप्रदर्शक है। श्रुत पंचमी केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि ज्ञान, अध्ययन, स्वाध्याय और आत्मजागरण का महापर्व है। उन्होंने श्रद्धालुओं को जिनवाणी के अध्ययन और संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्रवीण जैन, इंद्रप्रकाश जैन, नरेंद्र कुमार जैन, रवि जैन, जयकुमार जैन, अतुल जैन, मनीष जैन, करुणा जैन, हेमलता जैन, कविता जैन, रंजना जैन, पुष्पा जैन, रागिनी जैन, रेनू जैन, बबली जैन, वंदना जैन, रीता जैन, शालू जैन सहित श्री पद्मप्रभु जिनालय परिवार के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

छीपीटोला में मां जिनवाणी की पालकी यात्रा बनी आकर्षण का केंद्र

छीपीटोला में निकली मां जिनवाणी की पालकी यात्रा की एक झलक।

श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैसवाल जैन पंचायती मंदिर, छीपीटोला में वैज्ञानिक संत आचार्य श्री निर्भयसागर जी महाराज ससंघ के सानिध्य में श्रुत पंचमी महोत्सव भक्तिभाव के साथ मनाया गया। प्रातःकाल माँ जिनवाणी को भव्य पालकी में विराजमान कर शोभायात्रा निकाली गई, जो जैन भवन से प्रारंभ होकर छीपीटोला बाजार, कीर्ति स्तंभ, पल्ला मार्केट, अरिहंत मार्केट और टंकी चौराहा स्थित जैन मंदिर होते हुए पुनः बड़े मंदिर पहुंची।

इसके बाद भगवान का अभिषेक, शांतिधारा एवं धर्मसभा का आयोजन हुआ। धर्मसभा में आचार्य श्री निर्भयसागर जी महाराज ने जिनवाणी के अध्ययन, स्वाध्याय और आत्मकल्याण में उसके महत्व पर प्रकाश डाला। छीपीटोला पाठशाला के बच्चों ने आचार्य श्री के चरणों का प्रक्षालन कर शास्त्र भेंट किए और मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर श्रद्धा और भक्ति के वातावरण से गुंजायमान रहा तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने धर्मलाभ प्राप्त किया।

SP_Singh AURGURU Editor