आगरा में मनाया गया छत्रपति संभाजी महाराज का जन्मोत्सव, केंद्रीय मंत्री प्रो. बघेल ने किया माल्यार्पण
आगरा। छत्रपति संभाजी महाराज के राष्ट्रीय जन्मोत्सव समारोह और रक्तदान जैसे सामाजिक अभियान के जरिए गुरुवार को आगरा में राष्ट्रभक्ति, समाजसेवा और युवा ऊर्जा का अनूठा संगम देखने को मिला। एक ओर छावां भारत क्रांति मिशन द्वारा धर्मवीर छत्रपति संभाजी महाराज का राष्ट्रीय जन्मोत्सव समारोह आयोजित किया गया, वहीं दूसरी ओर भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री मनीष साहू ने रक्तदान शिविर लगाकर मानव सेवा का संदेश दिया। दोनों कार्यक्रमों में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल मुख्य रूप से शामिल हुए।
छावां भारत क्रांति मिशन द्वारा आयोजित समारोह में केंद्रीय मंत्री एस.पी. सिंह बघेल ने संस्था पदाधिकारियों के साथ आगरा में स्थापित होने जा रही धर्मवीर छत्रपति संभाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें राष्ट्र गौरव का प्रतीक बताया। कार्यक्रम में भाजपा के महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विलास पांगरकर, युवा नेता अलौकिक उपाध्याय, महेश शर्मा, सुनील करमचंदानी सहित महाराष्ट्र से आए संस्था के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने छत्रपति संभाजी महाराज के शौर्य, बलिदान और हिंदू स्वाभिमान की रक्षा के लिए किए गए संघर्षों को याद करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। समारोह में राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक चेतना का माहौल बना रहा।
इसके बाद केंद्रीय मंत्री एस.पी. सिंह बघेल थाना रकाबगंज के पीछे स्थित वाल्मीकि मंदिर पहुंचे, जहां भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री मनीष साहू के जन्मदिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर आयोजित किया गया था। मंत्री ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है और इससे अनेक जरूरतमंदों को नया जीवन मिलता है।
शिविर में लगभग 51 से 60 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।