शहर को मिल सकते हैं तीन एलिवेटेड रोड, आगरा की विकास रफ्तार और कानून व्यवस्था पर मंथन
आगरा में प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। ट्रैफिक सुधार के लिए तीन एलिवेटेड रोड प्रस्तावित किए गए। सिंचाई विभाग को लापरवाही पर फटकार लगाई गई। शिक्षा, स्वास्थ्य, पेंशन योजनाओं और निराश्रित गौवंश प्रबंधन की समीक्षा कर सख्त निर्देश दिए गए। चुनावी वर्ष को देखते हुए कानून व्यवस्था सुदृढ़ रखने पर विशेष जोर दिया गया।
नवीन सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक, ट्रैफिक से लेकर ट्रॉमा सेंटर तक अहम फैसले, प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने दिए सख्त निर्देश
आगरा। जनपद के विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की व्यापक समीक्षा हेतु नवीन सर्किट हाउस सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री एवं आगरा के जनपद प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने की। बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली समूह बीमा सखियों पिंकी, कृपा कुमारी एवं नीलम को सम्मानित किया गया। साथ ही शहर में तीन एलिवेटेड रोड के प्रस्ताव रखे गए।
कानून व्यवस्था और ट्रैफिक पर विशेष फोकस
समीक्षा की शुरुआत कानून व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन से हुई। पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने बताया कि आगरा अब विवाह और शादियों के लिए डेस्टिनेशन हब बनता जा रहा है। मेट्रो निर्माण के कारण ट्रैफिक दबाव बढ़ा है, लेकिन उपलब्ध संसाधनों से समाधान किया जा रहा है।
प्रभारी मंत्री ने चुनावी वर्ष को देखते हुए जातीय और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने तथा अपराधियों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर को प्रत्येक माह जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करने को कहा गया।
शहर को मिल सकते हैं तीन एलिवेटेड रोड
बैठक में प्रभारी मंत्री ने सेतु निगम व्दारा प्रस्तावित आगरा शहर के अन्दर स्थित मार्ग, एन०एच०-19 तथा माल रोड के मध्य आगरा शहर की बेस लाईन एम०जी० रोड पर गुजरने वाले भारी यातायात के दबाव को कम करने के हेतु एन0एच0-19 पर वाटर वर्क्स के पास स्थित फ्लाईओवर के समीप से, जीवनी मण्डी (यमुना किनारा) होते हुए बेलनगंज गोल चक्कर के समीप तक, 02 लेन एलिवेटेड रोड के निर्माण का प्रस्ताव उचित बताया। जिसकी कुल लम्बाई 1.421 कि०मी० होगी।उपरोक्त एलिवेटेड रोड - 2 के आगे यमुना किनारे रोड के ऊपर स्थित यमुना ब्रिज-आगरा फोर्ट रेल सेक्शन के पास से ताजमहल वेस्ट गेट से डॉ० आंबेडकर मेट्रो स्टेशन बालूगंज-माल रोड तक, 02 लेन एलिवेटेड रोड के प्रस्ताव पर भी सभी की सहमति बनी। इस एलिवेटेड रोड की कुल लम्बाई 3.033 कि०मी० होगी। मंत्री ने अन्य जामग्रस्त चौराहों का सर्वे कर जनप्रतिनिधियों के सुझावों के साथ प्रस्ताव को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।
सिंचाई विभाग को फटकार
गांव दुरा, मघटई और दिगनेर नहर से जुड़ी शिकायतों पर मंत्री ने अधिशासी अभियंता सिंचाई को तलब कर कड़ी नाराजगी जताई। उन्हें बिना सफाई पानी छोड़ने की शिकायत मिली थी। साथ ही रोस्टर का पालन न होना, जल रिसाव से फसलों को नुकसान होने की जानकारी दी गई थी। प्रभारी मंत्री ने सख्त निर्देश दिए गए कि रोस्टर के अनुसार पानी छोड़ा जाए और रिसाव पर तत्काल कार्रवाई हो।
बैठक में शिक्षा, पेंशन और स्वास्थ्य योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की पेंशन, बेसिक शिक्षा में समय से किताब खरीद और ड्रेस वितरण की समीक्षा की गई। उन्होंने कमीशनखोरी पर कड़ी कार्रवाई करने तथा माध्यमिक शिक्षा में नकल विहीन परीक्षा के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में सीएमओ डॉ. अरूण श्रीवास्तव ने बताया कि ईएसआई हॉस्पिटल में 150 बेड का प्रस्ताव है। खंदौली सीएचसी को ट्रॉमा सेंटर के रूप में चयनित किया गया है, जबकि सदर तहसील (दिल्ली बाईपास) पर भूमि उपलब्ध होने पर दूसरा ट्रॉमा सेंटर बनेगा।
निराश्रित गौवंश और जंगली सुअरों पर भी चर्चा
निराश्रित गौवंश के रखरखाव पर शिकायतों के बाद आईएएस/पीसीएस अधिकारियों की टीम बनाकर औचक निरीक्षण के निर्देश दिए गए। विधायक रानी पक्षालिका सिंह द्वारा उठाई गई जंगली सुअरों की समस्या पर डीएफओ को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रमुख जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी
बैठक में राज्यसभा सदस्य नवीन जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, चौधरी बाबूलाल, एमएलसी विजय शिवहरे, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनियां, पुलिस आयुक्त दीपक कुमार, जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।