अटल सभागार में 27 जून को सजेगी शास्त्रीय कला की महफिल, ओडिसी, कथक और शास्त्रीय गायन से गूंजेगा स्वर-ताल उत्सव

आगरा। ताल सरगम अकादमी, आगरा द्वारा केंद्रीय हिंदी संस्थान के सहयोग से 27 जून (शनिवार) को आयोजित होने वाले पंडित श्रीधर शर्मा स्मृति स्वर ताल उत्सव एवं नवरत्न सम्मान समारोह-2026 में ओडिसी, कथक और शास्त्रीय गायन की मनमोहक प्रस्तुतियों से अटल बिहारी वाजपेयी अंतर्राष्ट्रीय सभागार सुर और ताल से गूंज उठेगा। समारोह में आगरा और देश के प्रतिष्ठित कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे, वहीं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को नवरत्न सम्मान से सम्मानित भी किया जाएगा। गुरुवार को होटल पूनम प्लाजा, दयालबाग में कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन किया गया।

Jun 25, 2026 - 22:22
 0
अटल सभागार में 27 जून को सजेगी शास्त्रीय कला की महफिल, ओडिसी, कथक और शास्त्रीय गायन से गूंजेगा स्वर-ताल उत्सव
अटल सभागार में 27 जून को होने जा रहे स्वर ताल उत्सव के पोस्टर का विमोचन करते आयोजक।

कार्यक्रम संयोजक एवं ताल सरगम अकादमी के निदेशक रविन्द्र सिंह ने बताया कि केंद्रीय हिंदी संस्थान के अटल बिहारी वाजपेयी अंतर्राष्ट्रीय सभागार में शनिवार शाम पांच बजे कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। उद्घाटन मेवाड़ यूनिवर्सिटी, चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) की फाइन आर्ट्स, म्यूजियम एवं आर्ट कल्चर की डायरेक्टर जनरल प्रो. (डॉ.) चित्रलेखा सिंह, केंद्रीय हिंदी संस्थान के कार्यवाहक निदेशक प्रो. (डॉ.) हरीशंकर सिंह तथा आकाशवाणी आगरा के निदेशक अनेन्द्र सिंह सहित अन्य विशिष्ट अतिथि संयुक्त रूप से करेंगे।

उन्होंने बताया कि समारोह के दौरान आगरा नवरत्न सम्मान समारोह का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें आगरा की कला, संस्कृति एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा।

संस्था के संरक्षक एवं दयालबाग डीम्ड यूनिवर्सिटी के संगीत विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) रवि भटनागर ने बताया कि सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का शुभारंभ युवा ओडिसी नृत्यांगना नीरवी सिंह द्वारा मंगलाचरण से होगा। इसका निर्देशन नृत्य गुरु अभिषेक निगम करेंगे। इसके बाद संगीतज्ञ स्वर्गीय डॉ. वी. प्रेम कुमारी एवं देवप्रिया अधिकारी की शिष्या युवा शास्त्रीय गायिका महिमा सिन्हा शास्त्रीय गायन प्रस्तुत करेंगी।

उन्होंने बताया कि नृत्य सम्राट राजेंद्र गंगानी जी महाराज के शिष्य एवं अंतरराष्ट्रीय शास्त्रीय नृत्य कलाकार धीरेन्द्र तिवारी के नेतृत्व में दिल्ली से आने वाला कलाकार दल कथक की आकर्षक प्रस्तुतियां देगा, जो कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहेंगी।

संस्था की अध्यक्ष नीलम पाल ने बताया कि कार्यक्रम में टी. रविन्द्र तलेगांवकर संवादिनी पर, रविन्द्र सिंह एवं अनुराग झा तबला पर, अपराजिता झा तानपुरा पर, अदनान खान गायन एवं हारमोनियम पर, मोहम्मद अयूब खान सारंगी पर तथा बप्पी देव पड़ंत प्रस्तुत करेंगे। युवा शास्त्रीय नृत्यांगनाएं भानुप्रिया और उर्वशी शर्मा भी कथक नृत्य प्रस्तुत करेंगी।

महासचिव करण प्रताप ने बताया कि कार्यक्रम में आगरा और आसपास के नगरों के संगीत एवं कला प्रेमियों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा।

कार्यक्रम की उद्घोषिका श्रुति सिन्हा तथा मीडिया समन्वयक डॉ. महेश चंद्र धाकड़ ने बताया कि ताल सरगम अकादमी पिछले एक दशक से अधिक समय से विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सफल आयोजन कर रही है। पिछले तीन वर्षों से आयोजित हो रहा स्वर ताल उत्सव अपनी गुणवत्ता के कारण आगरा की प्रमुख सांस्कृतिक गतिविधियों में शामिल हो चुका है।

पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में व्यवस्था प्रमुख हीरा सिंह, कोषाध्यक्ष सचिन शुक्ला सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor