चैम्बर चुनाव 2026–27 की तस्वीर साफ़: नामांकनों की जांच पूरी, छह खारिज, 14 मार्च को होगा फैसला

आगरा। नेशनल चैम्बर ऑफ कॉमर्स के वार्षिक चुनाव 2026–27 की प्रक्रिया के तहत आज नामांकन पत्रों की जांच पूरी कर ली गई। आज चैम्बर सभागार में पूर्व अध्यक्ष एवं चुनाव समिति के चेयरमैन मनीष अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में चुनाव समिति ने प्राप्त सभी नामांकन पत्रों की गहन जांच की।

Mar 1, 2026 - 21:23
 0
चैम्बर चुनाव 2026–27 की तस्वीर साफ़: नामांकनों की जांच पूरी, छह खारिज, 14 मार्च को होगा फैसला
नेशनल चैंबर के चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की जांच पूरी होने के बाद इसके बारे में जानकारी देते चुनाव समिति के चेयरमैन मनीष अग्रवाल एवं समिति के अन्य सदस्य।

चेयरमैन मनीष अग्रवाल ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए प्राप्त दो नामांकन पत्र मनोज बंसल एवं मनोज कुमार गुप्ता के जांच में वैध पाए गए हैं। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए अम्बा प्रसाद गर्ग, नीतेश अग्रवाल और गिरीश चंद गोयल द्वारा दाखिल किए गए तीनों नामांकन पत्र सही पाए गए। कोषाध्यक्ष पद के लिए सतीश अग्रवाल, नीरज अग्रवाल और विनय मित्तल के नामांकन भी जांच में वैध घोषित किए गए।

उन्होंने जानकारी दी कि कार्यकारिणी के 14 समूहों में कुल 57 नामांकन पत्र प्राप्त हुए थे, जिनमें से छह नामांकन पत्र अपूर्ण पाए जाने के कारण चुनाव समिति द्वारा निरस्त कर दिए गए। निरस्त नामांकनों में समूह संख्या चार से एक, समूह संख्या छह से तीन, समूह संख्या दस से एक और समूह संख्या चौदह से एक नामांकन शामिल है। शेष 51 नामांकन पत्रों को वैध पाया गया। समूह संख्या पांच में दो कार्यकारिणी पदों के लिए दो ही नामांकन तथा समूह संख्या सात में एक कार्यकारिणी पद के लिए एक ही नामांकन प्राप्त हुआ है, जिससे इन पदों पर निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति बनती दिखाई दे रही है।

चुनाव समिति ने यह भी स्पष्ट किया कि नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 09 मार्च 2026 को सायं 5.00 बजे तक निर्धारित की गई है। यदि इस अवधि में कोई नामांकन वापस नहीं लिया जाता है तो वार्षिक चुनाव 14 मार्च 2026 को वाटर वर्क्स स्थित अग्रवन में प्रातः 10.30 बजे से अपराह्न 3.00 बजे तक संपन्न कराया जाएगा।

बैठक में पूर्व अध्यक्ष एवं चुनाव समिति के चेयरमैन मनीष अग्रवाल के साथ पूर्व अध्यक्ष एवं को-चेयरमैन श्रीकिशन गोयल, पूर्व अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल, सीताराम अग्रवाल, अनिल वर्मा, महेन्द्र कुमार सिंघल तथा वर्तमान अध्यक्ष संजय गोयल उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor