सीएम स्टालिन विधानसभा चुनाव हारे, टीवीके प्रत्याशी ने आठ हजार मतों से हराया
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को टीवीके प्रत्याशी के हाथों हार का सामना करना पड़ा है। वीएस बाबू ने 8795 वोटों से डीएमके प्रमुख को हराया है। अभिनेता-राजनेता विजय की तमिलगा वेट्री कजगम (टीवीके) तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक राजनीतिक पदार्पण करने जा रही है।
चेन्नई। तमिलनाडु में मुख्यमंत्री एमके स्टालिन विधानसभा चुनाव हार गए हैं। कोलाथुर सीट से टीवीके प्रत्याशी वीएस बाबू ने उन्हें मात दी है। निर्वाचन आयोग के आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक छह राउंड की गिनती के बाद से वीएस बाबू सीएम स्टालिन से आगे निकले थे। इसके बाद से वीएस बाबू कभी पिछड़े नहीं और सीएम स्टालिन पर बढ़त बनाएं रखी।
राज्य के कोलाथुर सीट से चुनाव मैदान में उतरे सीएम एमके स्टालिन को 74 हजार 202 वोट मिले हैं, जबकि टीवीके प्रत्याशी वीएस बाबू (82 हजार 997) ने उनसे 8795 ज्यादा वोट हासिल किया है। वहीं तीसरे नंबर पर एआईएडीएमके के प्रत्याशी पी. संथाना कृष्णन को 18 हजार 430 वोट मिले हैं।
वीएस बाबू एक अनुभवी राजनेता और पूर्व विधायक हैं। 75 वर्षीय बाबू ने 2006 में डीएमके सदस्य के रूप में पुरावसलकम निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव जीता था। वह 2006 से 2011 तक पुरावसलकम के विधायक रहे। उन्होंने एआईएडीएमके उम्मीदवार को 90,000 से अधिक वोटों से हराया था। बाबू 7 फरवरी, 2026 को विजय की टीवीके में शामिल हुए।
वीएस बाबू 2011 तक डीएमके के उत्तर चेन्नई के जिला सचिव थे। 2011 के चुनाव में कोलाथुर निर्वाचन क्षेत्र के प्रभारी होने के बावजूद सीएम स्टालिन की कम जीत के अंतर पर उनसे सवाल किए गए। इसके बाद उन्हें नेतृत्व के पक्ष से हटा दिया गया। वह बाद में पलानीस्वामी के नेतृत्व वाली एआईएडीएमके में शामिल हुए और फिर टीवीके में आ गए। 2026 के हलफनामे के अनुसार, उन्होंने 3.7 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की थी।