सीएम योगी आदित्यनाथ ने ब्रज विकास परिषद की आठवीं बैठक में लिए बड़े फैसले: 300 करोड़ की परियोजनाओं को मंजूरी, 84 कोस परिक्रमा मार्ग, मथुरा-वृंदावन फोरलेन रोड, यमुना रिवर फ्रंट क्रूज और हेरिटेज सिटी सहित ब्रज के समग्र विकास को मिला मेगा ब्लूप्रिंट
वृंदावन। ब्रज क्षेत्र के तीर्थ, पर्यटन और आधारभूत ढांचे को नई गति देने के उद्देश्य से शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की आठवीं बोर्ड बैठक में लगभग 300 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। बैठक में ब्रज क्षेत्र के समग्र विकास, तीर्थ स्थलों के संरक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परिषद द्वारा स्वीकृत परियोजनाओं को बिना किसी बजट कटौती के तेजी से धरातल पर उतारा जाए और सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्यों को समयबद्ध पूरा करें।
रेल ट्रैक की जगह बनेगा फोरलेन मार्ग, पोड सिस्टम का भी होगा अध्ययन
वृंदावन में गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी परिसर स्थित यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में मथुरा-वृंदावन रेल मार्ग के लगभग 11.80 किलोमीटर लंबे ट्रैक को फोरलेन मार्ग में विकसित करने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग, ब्रज तीर्थ विकास परिषद और जिला प्रशासन को रेलवे विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर भूमि अथवा भूमि मूल्य से संबंधित आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।
साथ ही ब्रज क्षेत्र में आधुनिक परिवहन व्यवस्था के लिए पोड रैपिड ट्रांजिट सिस्टम की व्यवहारिकता का भी अध्ययन कराने के निर्देश दिए गए।
84 कोस परिक्रमा मार्ग के विकास पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने ब्रज की आस्था का केंद्र 84 कोस परिक्रमा मार्ग के विकास कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। संबंधित विभागों से कहा गया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मार्ग पर सुरक्षा, विश्राम स्थल, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को मजबूत करते हुए व्यापक कार्ययोजना को तेजी से लागू किया जाए।
गोवर्धन, मथुरा और वृंदावन में पार्किंग व जनसुविधाएं
बैठक में गोवर्धन, मथुरा और वृंदावन में पार्किंग, टीपीओ तथा अन्य जनसुविधाओं के विकास के लिए चिन्हित भूमि पर पीपीपी मॉडल के तहत कार्य कराने का निर्णय लिया गया।
इसके अलावा छाता क्षेत्र के ग्राम अजीजपुर में प्रस्तावित वाटर म्यूजियम के लिए चिन्हित भूमि को सिंचाई विभाग से परिषद को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने के निर्देश दिए गए।
36 वनों का इको रेस्टोरेशन, बड़े स्तर पर वृक्षारोपण
मुख्यमंत्री ने ब्रज में चल रहे 36 वनों के इको-रेस्टोरेशन प्रोजेक्ट की सराहना करते हुए आगामी वर्षा ऋतु में वन महोत्सव के दौरान व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने के निर्देश दिए। अभियान में जल संरक्षण, खारे पानी के उपचार और जनसहभागिता को भी शामिल करने पर जोर दिया गया।
यमुना रिवर फ्रंट पर क्रूज और नौका संचालन की योजना
बैठक में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अंतर्गत विकसित होने वाली हेरिटेज सिटी पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही मथुरा से वृंदावन के बीच यमुना रिवर फ्रंट पर जलमार्ग विकसित कर पीपीपी मॉडल के तहत क्रूज और नौका संचालन शुरू करने की योजना पर भी सहमति बनी। इससे ब्रज क्षेत्र में पर्यटन को नया आयाम मिलने की संभावना जताई गई।
सूरदास ब्रज अकादमी के लिए कार्मिक तैनाती के निर्देश
मुख्यमंत्री ने गोवर्धन स्थित पारसौली में सूरदास ब्रज अकादमी के संचालन के लिए आवश्यक कार्मिकों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
परिषद की वर्ष 2025–26 की कार्ययोजना में प्रस्तावित परियोजनाओं के लिए बजट स्वीकृत करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि परिषद द्वारा अनुमोदित परियोजनाओं के बजट में किसी प्रकार की कटौती नहीं की जाएगी और उन्हें जल्द से जल्द लागू किया जाएगा।
यमुना प्रदूषण रोकने और सफाई व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
मुख्यमंत्री ने नगर निकायों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वच्छता, सुरक्षा और आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जाए। साथ ही जल निगम और नगर निगम को एसटीपी, एसपीएस और पंपिंग स्टेशन के निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा कर यमुना नदी में प्रदूषण कम करने के निर्देश दिए। ब्रज क्षेत्र विशेषकर मथुरा और वृंदावन में सफाई व्यवस्था को लेकर भी विशेष जोर दिया गया।
डिजिटल डोनेशन सिस्टम का शुभारंभ
बैठक के अंत में परिषद के सीईओ सूरज पटेल द्वारा प्रस्तुत डोनेशन मैनेजमेंट डिजिटल सिस्टम का मुख्यमंत्री ने शुभारंभ किया। बैठक का संचालन आगरा मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने किया।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में गन्ना विकास मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, प्रभारी मंत्री संदीप सिंह, सांसद हेमा मालिनी, तेजवीर सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह, विधायक ओम प्रकाश सिंह, योगेश नौहवार, पूरन प्रकाश, मेघश्याम सिंह, राजेश चौधरी, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र, प्रमुख सचिव पर्यटन अमृत अभिजात, प्रमुख सचिव वन वी. हेकाली झिमोली, प्रमुख सचिव पीडब्ल्यूडी अजय चौहान, एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ, विधि सलाहकार राजेश सिंह, निदेशक आवास बंधु एवं सचिव आवास शहरी नियोजन डॉ. बलकार सिंह, आयुक्त परिवहन किंजल सिंह, सचिव नगर विकास अनुज झा, सचिव वित्त भवानी सिंह खगरौत, सीईओ यीडा राजेश कुमार सिंह, डीआईजी आगरा शैलेश पाण्डेय, जिलाधिकारी सीपी सिंह तथा एसएसपी श्लोक कुमार सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।