आगरा क्लब औपनिवेशिक विरासत, इसकी भूमि को एकलव्य स्टेडियम में मिलाकर विश्वस्तरीय आधुनिक स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित किया जाए

आगरा। आगरा क्लब की विशाल भूमि को सार्वजनिक खेल उपयोग में लाने और एकलव्य स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय स्तर के आधुनिक खेल केंद्र के रूप में विकसित करने की मांग ने शहर की सियासत और सामाजिक बहस को गर्म कर दिया है। वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता बृज खंडेलवाल ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और स्थानीय सांसदों को ज्ञापन भेजकर यह प्रस्ताव रखा है कि आगरा को एक पूर्ण विकसित खेल नगर के रूप में बदला जाए।

May 27, 2026 - 13:43
 0
आगरा क्लब औपनिवेशिक विरासत, इसकी भूमि को एकलव्य स्टेडियम में मिलाकर विश्वस्तरीय आधुनिक स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित किया जाए

आगरा में खेल सुविधाओं की बदहाली और औपनिवेशिक दौर की संरचनाओं पर सवाल एक बार फिर केंद्र में हैं। पत्रकार बृज खंडेलवाल ने तीखा सवाल उठाते हुए कहा है कि क्या ताजनगरी के युवाओं का भविष्य अब भी पुराने दौर की बंद दीवारों में कैद रहेगा, जबकि आधुनिक भारत में खेल केवल प्रतियोगिता नहीं बल्कि रोजगार, स्वास्थ्य और राष्ट्र निर्माण का माध्यम बन चुके हैं।

आगरा क्लब की भूमि पर बड़ा सवाल

प्रस्ताव में कहा गया है कि शहर के बीच स्थित आगरा क्लब आज भी औपनिवेशिक विशिष्टता का प्रतीक बना हुआ है, जबकि हजारों युवा खिलाड़ी संसाधनों के अभाव में आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं। इस भूमि को जनहित में खेल अवसंरचना के रूप में पुनः उपयोग करने की मांग की गई है।

एकलव्य स्टेडियम की वर्तमान स्थिति पर सवाल

एकलव्य स्टेडियम में मौजूदा सुविधाओं को अपर्याप्त बताते हुए कहा गया है कि यहां दर्शकों के लिए सीमित व्यवस्था है। खिलाड़ियों के लिए आवासीय सुविधा का अभाव है। आधुनिक प्रशिक्षण अकादमियों की कमी है और खेल विज्ञान और फिटनेस ढांचे का अभाव है। इन कारणों से प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।

प्रस्तावित खेल नगर की रूपरेखा

ज्ञापन में एक आधुनिक खेल परिसर विकसित करने का विस्तृत प्रस्ताव दिया गया है, जिसमें बहुउद्देश्यीय अंतरराष्ट्रीय मानक स्टेडियम, खिलाड़ियों के लिए आवासीय हॉस्टल, उच्च स्तरीय प्रशिक्षण अकादमियां, महिला खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित परिसर, एथलेटिक्स, हॉकी, फुटबॉल, क्रिकेट और इंडोर खेलों के अलग क्षेत्र, खेल विज्ञान एवं फिटनेस अनुसंधान केंद्र, ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभाओं के लिए विशेष प्रशिक्षण और आधुनिक दर्शक सुविधा एवं पार्किंग व्यवस्था शामिल हो।

मेट्रो कनेक्टिविटी से बढ़ेगी उपयोगिता

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि एकलव्य स्टेडियम अब मेट्रो रेल नेटवर्क से जुड़ रहा है, जिससे इसकी उपयोगिता और संभावनाएं कई गुना बढ़ सकती हैं। इसे ध्यान में रखते हुए तत्काल मास्टर प्लान तैयार करने की मांग की गई है।

बृज खंडेलवाल का तीखा संदेश

वरिष्ठ पत्रकार बृज खंडेलवाल ने कहा कि युवाओं को क्लब संस्कृति नहीं, खेल संस्कृति चाहिए। शहर को औपनिवेशिक प्रतीकों का संरक्षण नहीं, भविष्य गढ़ने वाले खेल परिसरों की जरूरत है।

केंद्र और राज्य सरकार से मांग

ज्ञापन में केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार से आग्रह किया गया है कि आगरा को पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रमुख खेल केंद्र बनाया जाए। एकलव्य स्टेडियम का त्वरित आधुनिकीकरण किया जाए। आगरा क्लब की भूमि को सार्वजनिक खेल उपयोग में लाने पर उच्च स्तरीय समीक्षा की जाए।

SP_Singh AURGURU Editor