सिंधीयत का रंगारंग उत्सव: जीआईसी ग्राउंड में 26-27 अप्रैल को सजेगा झूलेलाल मेला, संस्कृति-कला और खानपान का भव्य संगम

आगरा। ताजनगरी एक बार फिर सांस्कृतिक रंगों में रंगने को तैयार है, जहां 26 और 27 अप्रैल को जीआईसी ग्राउंड में चेटीचण्ड महोत्सव के तहत 6वां अंतर्राष्ट्रीय सिंधी मेला भव्य रूप से आयोजित होगा। चेटीचण्ड महोत्सव के अवसर पर आयोजित इस मेले में सिंधी संस्कृति, सभ्यता, भाषा और परंपराओं का जीवंत प्रदर्शन देखने को मिलेगा। जय झूलेलाल मेला आयोजन समिति के तत्वावधान में होने वाले इस दो दिवसीय आयोजन में देशभर से लोगों के शामिल होने की संभावना है, जिससे आगरा में सिंधीयत का परचम लहराएगा।

Apr 24, 2026 - 18:52
 0
सिंधीयत का रंगारंग उत्सव: जीआईसी ग्राउंड में 26-27 अप्रैल को सजेगा झूलेलाल मेला, संस्कृति-कला और खानपान का भव्य संगम
जय झूलेलाल मेला आयोजन समिति के बैनर तले जीआईसी ग्राउंड में होने जा रहे सिंधी मेले के पोस्टर का विमोचन करते आयोजन समिति के सदस्य।

विशिष्ट अतिथियों की रहेगी मौजूदगी

आयोजन समिति के संरक्षक गिरधारी लाल भगत्यानी ने शाहगंज स्थित एक रेस्टोरेंट में आयोजित आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में बताया कि मेले का उद्घाटन 26 अप्रैल की शाम 6 बजे सोमनाथ धाम के मठाधीश पीर गुरु डॉ. शंकरनाथ योगी करेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय होंगे। उन्होंने कहा कि मेले हमारी संस्कृति, सभ्यता और संस्कारों की अमूल्य धरोहर हैं और इस आयोजन को लेकर समाज में भारी उत्साह है।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम, झांकियों का आकर्षण

मेले में सिंधी लोकगीत, नृत्य और पारंपरिक तीज-त्योहारों की झलक देखने को मिलेगी। भगवान झूलेलाल का भव्य मंदिर, माता रानी दरबार और स्वामी लीलाशाह भगवान के मंदिर की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण होंगी। इसके साथ ही मेले में झूले, स्टॉल और विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पूरे माहौल को जीवंत बनाएंगी।

मुंबई के कलाकारों का जलवा, जूनियर बच्चन भी रहेंगे आकर्षण

मेला संयोजक कमल छाबड़िया ने जानकारी दी कि मुंबई से प्रसिद्ध सिंधी रॉक स्टार कमलेश कपूर, ज्योति मणि और करण खेमानी अपनी प्रस्तुति देंगे और सिंधी भाषा की मिठास से माहौल को सराबोर करेंगे। वहीं जूनियर बच्चन भी अपने अभिनय से बच्चों और दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

महिला शक्ति वंदन और मां-बेटी कैटवॉक

मेले में महिला शक्ति वंदन कार्यक्रम के तहत सिंधी समाज की महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। 27 अप्रैल को आयोजित मां-बेटी कैटवॉक कार्यक्रम में भारतीय और सिंधी संस्कृति, सभ्यता और भाषा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा, जो इस आयोजन की खास पहचान बनेगा।

कार्यक्रम के दौरान सिंधी समाज के मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा, जिससे नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और संस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

आयोजन समिति की सक्रिय भागीदारी

इस अवसर पर संरक्षक गिरधारी लाल भक्तियानी, संयोजक कमल छाबड़िया, सूर्य प्रकाश, सुशील नोतनानी, प्रकाश केसवानी (शेरा भाई) पार्षद, सुनील करमचंदानी पार्षद, अमृत मखीजा, मनीष लालचंदानी, जे.के. मदनानी, सुखदेव गिडवानी, एड. महेश सोनी, मोना भाई, आनंद नोतनानी, मनीष हरजानी, सोनू मदनानी, कपिल पंजवानी, घनश्याम हेमलानी, खेमचंद तेजानी, मनोहर लाल हंस, रोहित सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

संस्कृति से वैश्विक पहचान तक

आयोजन का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि सिंधी संस्कृति, कला और खानपान को नई पीढ़ी और समाज के अन्य वर्गों तक पहुंचाना है। यह मेला आगरा को एक बार फिर सांस्कृतिक विविधता और एकता के मंच के रूप में स्थापित करेगा।

SP_Singh AURGURU Editor