चलती बस में बवाल, युवती ने X पर लगाई गुहार, आगरा में बस रुकवाकर पुलिस ने दबोचे आरोपी
कानपुर से अहमदाबाद जा रही बस में युवती ने X पर छेड़छाड़ की शिकायत की। पुलिस ने तुरंत एक्शन लेकर आगरा में बस रुकवाई और चार युवकों को हिरासत में लिया। तीन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
आगरा। कानपुर से अहमदाबाद जा रही एक स्लीपर बस में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवती ने चलती बस से ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस से मदद की गुहार लगा दी। पोस्ट वायरल होते ही पुलिस महकमा हरकत में आया और कुछ ही देर में बस को आगरा में रुकवा लिया गया।
जानकारी के अनुसार, युवती ने अपने पोस्ट में आरोप लगाया कि बस में सवार कुछ युवक उसके साथ अभद्र व्यवहार कर रहे हैं और विरोध करने पर मारपीट भी की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया और नामनेर चौराहे पर बस को रुकवाकर मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने बस में सवार संदिग्ध युवकों को नीचे उतारकर हिरासत में लिया और युवती को भी सुरक्षित थाने ले जाया गया। थाना रकाबगंज प्रभारी निशामक त्यागी के अनुसार, चार युवकों को पूछताछ के लिए पकड़ा गया। आरोपियों ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने कोई छेड़छाड़ नहीं की, बल्कि बस में अचानक ब्रेक लगने के कारण उनका शरीर युवती से टकरा गया था।
हालांकि, युवती की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक जयपुर जा रहे थे और पेशे से कुक हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।