एसएन में जटिल कैंसर सर्जरी कर पेट के पीछे फैले विशाल ट्यूमर को किडनी समेत निकाला, मरीज को दी नई जिंदगी
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के कैंसर सर्जरी विभाग ने 53 वर्षीय मरीज की जटिल सर्जरी कर पेट के पीछे फैले विशाल ट्यूमर को दाहिनी किडनी सहित सफलतापूर्वक निकाल दिया। ट्यूमर प्रमुख रक्त वाहिनियों और लिवर तक फैल चुका था। कई घंटों तक चली हाई रिस्क सर्जरी डॉ. वरुण अग्रवाल और डॉ. गौरव सिंह के नेतृत्व में सफल रही। ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत स्थिर है।
आगरा। एसएन मेडिकल कॉलेज के सर्जिकल ऑकोलोजी (कैंसर सर्जरी) विभाग ने एक बार फिर जटिल एवं उच्च स्तरीय कैंसर सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देकर चिकित्सा क्षेत्र में अपनी विशेषज्ञता साबित की है। विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने एक ऐसे मरीज का सफल ऑपरेशन किया, जिसके पेट के पीछे स्थित विशाल ट्यूमर ने किडनी, लिवर और प्रमुख रक्त वाहिनियों को प्रभावित कर दिया था।
53 वर्षीय आगरा निवासी विजय कई महीनों से लगातार पेट दर्द, भूख न लगना, कमजोरी और खाने के बाद उल्टी जैसी गंभीर समस्याओं से परेशान थे। परिजनों के अनुसार मरीज ने विभिन्न अस्पतालों में इलाज कराया, लेकिन बीमारी की जटिलता को देखते हुए उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज के सुपरस्पेशलिटी ब्लॉक स्थित कैंसर सर्जरी विभाग में रेफर किया गया।
मरीज ने कैंसर सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. गौरव सिंह से परामर्श लिया। चिकित्सकों द्वारा सभी आवश्यक जांच, स्कैन और मेडिकल परीक्षण कराए गए। जांच रिपोर्ट में सामने आया कि मरीज के पेट के पीछे रेट्रोपेरिटोनियल स्पेस में एक विशाल ट्यूमर विकसित हो चुका है। यह ट्यूमर पेट की प्रमुख रक्त वाहिनियों, दाहिनी किडनी और लिवर के कुछ हिस्सों तक फैल चुका था।
विशेषज्ञों ने मरीज को “राइट रेट्रोपेरिटोनियल सरकोमा विद मल्टीऑर्गन इन्वॉल्वमेंट” नामक गंभीर बीमारी से ग्रसित पाया। स्थिति अत्यंत गंभीर होने के कारण ओंकोसर्जरी विभाग की टीम ने जटिल एवं हाई रिस्क सर्जरी करने का निर्णय लिया। डॉ. वरुण अग्रवाल एवं डॉ. गौरव सिंह के नेतृत्व में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने कई घंटों तक चले ऑपरेशन के दौरान पेट के पीछे गहराई में स्थित विशाल ट्यूमर को दाहिनी किडनी सहित सफलतापूर्वक निकाल दिया।
डॉक्टरों के अनुसार यह ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि ट्यूमर शरीर की महत्वपूर्ण रक्त वाहिनियों और आसपास के अंगों से जुड़ा हुआ था। ऑपरेशन के दौरान अत्यधिक सावधानी और तकनीकी दक्षता की आवश्यकता थी। विशेषज्ञ टीम ने समन्वय और कुशलता के साथ सर्जरी को सफल बनाया। सर्जरी के बाद मरीज की हालत स्थिर बताई जा रही है और उन्हें चिकित्सकों की विशेष निगरानी में रखा गया है।
ऑपरेशन टीम में कंसल्टेंट डॉक्टर डॉ. वरुण अग्रवाल, डॉ. गौरव सिंह और डॉ. सुभजीत के साथ जूनियर रेजिडेंट डॉ. ज़फर, डॉ. अर्पित शर्मा, डॉ. अश्वनी और डॉ. विवेक शामिल रहे। वहीं एनेस्थीसिया विभाग से डॉ. अर्पिता सक्सेना, डॉ. योगिता, रेजिडेंट डॉ. काजल, डॉ. विकास और डॉ. जसलीन ने सुरक्षित एनेस्थीसिया प्रबंधन सुनिश्चित किया।
एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं डीन डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है, जिससे आगरा और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को गंभीर बीमारियों का बेहतर उपचार स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो रहा है।
विभागाध्यक्ष (सर्जरी) प्रोफेसर राजेश गुप्ता ने कहा कि मरीजों को सुरक्षित और अत्याधुनिक शल्य चिकित्सा उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है, ताकि वे जल्द स्वस्थ होकर सामान्य जीवन में लौट सकें। मेडिकल कॉलेज प्रशासन के अनुसार सुपरस्पेशलिटी बिल्डिंग में प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को कैंसर सर्जरी की ओपीडी संचालित होती है, जहाँ कैंसर एवं सर्जरी से जुड़ी विभिन्न बीमारियों के मरीज विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श और उपचार प्राप्त कर सकते हैं।