व्यापार और प्रोफेशन का संगम: आईसीएसआई मंच से उठी आवाज- उद्योग और सीएस की साझेदारी से बदल सकता है आगरा का आर्थिक भविष्य

आगरा। फतेहाबाद रोड स्थित होटल जेपी पैलेस में शुक्रवार को ऐसा मंच सजा, जहां उद्योग जगत और प्रोफेशनल्स एक ही धारा में बहते नजर आए। भारतीय कंपनी सचिव संस्थान (आईसीएसआई) की आगरा शाखा द्वारा आयोजित ‘कॉन्फ्लुएन्स ऑफ बिज़नेस एंड प्रोफेशन’ सेमिनार में व्यापारियों, उद्योगपतियों और कंपनी सेक्रेटरी प्रोफेशनल्स के बीच समन्वय, कानूनी समझ और औद्योगिक विकास के नए रास्तों पर गहन मंथन हुआ। राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन जी चंदक की मौजूदगी ने कार्यक्रम को विशेष ऊंचाई दी, जहां उन्होंने सीधे संवाद कर सदस्यों और छात्रों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।

Apr 24, 2026 - 15:49
 0
व्यापार और प्रोफेशन का संगम: आईसीएसआई मंच से उठी आवाज- उद्योग और सीएस की साझेदारी से बदल सकता है आगरा का आर्थिक भविष्य
आईसीएसआई आगरा शाखा द्वारा होटल जेपी पैलेस में आयोजित सेमिनार का शुभारंभ करते मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन जी चंदक एवं शाखा अध्यक्ष सीएस अनुज अशोक अग्रवाल। साथ हैं अन्य।

सीएस प्रोफेशन की ताकत पर जोर

कार्यक्रम का शुभारंभ आगरा शाखा के अध्यक्ष सीएस अनुज अशोक अग्रवाल ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि कंपनी सेक्रेटरी का प्रोफेशन न केवल सम्मानजनक है, बल्कि भविष्य की आर्थिक संरचना को मजबूत करने वाला स्तंभ भी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित कंपनी कानून में बदलाव व्यापारियों के लिए नए अवसर लेकर आएंगे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष का संवाद: ज्ञान, मार्गदर्शन और विजन

मुख्य अतिथि पवन जी चंदक ने सदस्यों और छात्रों के साथ संवाद करते हुए संस्थान की भूमिका, बदलते कॉर्पोरेट माहौल और प्रोफेशनल्स की बढ़ती जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि उद्योग और प्रोफेशन के बीच मजबूत तालमेल ही देश की आर्थिक प्रगति को नई गति दे सकता है।

पहला पैनल: उद्योगपतियों ने बताया सफलता का फॉर्मूला

पहले पैनल डिस्कशन में अशोक ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज की एमडी डॉ. रंजना बंसल, प्रकाश ग्रुप के राजेश गर्ग, लमोस ग्रुप के नकुल मनचंदा, रावी इवेंट्स के मनीष अग्रवाल, चैम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल, उपाध्यक्ष अंबा प्रसाद, नितिन अग्रवाल और लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता ने भाग लिया।
सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि किसी भी व्यवसाय की सफलता में प्रोफेशनल्स की भूमिका निर्णायक होती है। उनकी विशेषज्ञता जटिल कानूनी प्रक्रियाओं को सरल बनाकर व्यापार को सुरक्षित और विस्तार योग्य बनाती है।

सीएस की भूमिका: हर क्षेत्र में जरूरी कड़ी

चर्चा के दौरान बताया गया कि कंपनी सेक्रेटरी प्रोफेशनल्स जीएसटी, कंपनी कानून, एमएसएमई, ट्रेडमार्क, फेमा, आर्बिट्रेशन, कानूनी सलाह और मर्चेंट बैंकिंग जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में व्यापारियों को सहयोग प्रदान करते हैं। छोटे व्यवसाय से लेकर बड़े कॉर्पोरेट तक, सीएस प्रोफेशनल्स एक मजबूत सलाहकार के रूप में काम करते हैं।

दूसरा पैनल: सहयोग से बदलेगा आगरा का औद्योगिक नक्शा

दूसरे पैनल डिस्कशन में अंकित जैन, जी.डी. गोयनका स्कूल के संजय अग्रवाल, कपिल मित्तल, आगरा कोल्ड स्टोरेज एसोसिएशन के अध्यक्ष भुवेश कुमार अग्रवाल, सराफा कमेटी के नितेश अग्रवाल और रमेश चंद्र अग्रवाल ने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि उद्योगपतियों और प्रोफेशनल्स के बीच मजबूत साझेदारी से आगरा की औद्योगिक स्थिति को नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सकता है।

संचालन और सम्मान समारोह

पैनल डिस्कशन का संचालन सीएस चिराग गर्ग और शाखा सचिव सीएस नीतू अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन जी चंदक और शाखा अध्यक्ष अनुज अशोक अग्रवाल द्वारा सभी उद्योगपतियों को सम्मानित किया गया।

लाइफ और मनी मैनेजमेंट पर खास सत्र

कोटक म्यूचुअल फंड के विशेषज्ञ ने ‘मैनेजमेंट ऑफ लाइफ एंड मनी’ विषय पर सत्र लेते हुए निवेश और बचत के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि समय पर सही निवेश भविष्य को सुरक्षित बनाने की कुंजी है।

25 वर्ष पूरे करने वाले सदस्यों का सम्मान, अंजू जैन को श्रद्धांजलि

प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर सीएस तरीन रावत ने जानकारी दी कि प्रोफेशन में 25 वर्ष पूरे करने वाले सदस्यों—सीएस हरमोहन अरोरा, सीएस पीयूष माथुर, सीएस के.एन. मेहरा, सीएस प्रमोद शर्मा, सीएस आर.सी. शर्मा, सीएस निधि गर्ग, सीएस सत्येंद्र शर्मा, सीएस गगन बर्मन और सीएस अनुज अशोक अग्रवाल को विशेष सम्मान दिया गया।
इस अवसर पर संस्था की वरिष्ठ सदस्य स्वर्गीय सीएस अंजू जैन को भावपूर्ण श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।

आगरा से ग्लोबल बिजनेस की राह

प्रोग्राम डायरेक्टर सीएस तूलिका बंसल ने कहा कि इस मंच का उद्देश्य उद्योगपतियों, कॉर्पोरेट जगत और सीएस प्रोफेशनल्स के बीच समन्वय स्थापित करना और सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगरा से ही सीएस प्रोफेशनल्स की मदद से देश-विदेश में व्यापार का विस्तार संभव है।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। प्रथम सत्र का संचालन सीएस आँचल जैन और द्वितीय सत्र का संचालन सीएस आयशा जैन महाजन ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सीएस श्रुति गुप्ता ने प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर सीएस आकाश जैन, सीएस भरत हसानी, सीएस निमिषा तायल, सीएस कपिल वर्मा, सीएस आकाश बंसल, सीएस सोनू असवानी, सीएस रोहित वर्मा, सीएस रूचि अग्रवाल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor