दयालबाग में भक्ति और सेवा का संगम, 75 एकड़ में कल होगी ऑर्गेनिक धान रोपाई; वार्षिक भंडारे की तैयारियां तेज

आगरा। दयालबाग में परम गुरु हुजूर डॉ. एम.बी. लाल साहब महाराज के वार्षिक भंडारे का भक्तिमय आगाज़ पूरे उत्साह और आध्यात्मिक उल्लास के साथ हो गया है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दयालबाग पहुंच रहे हैं और खेतों में सेवा कार्य के माध्यम से अपनी श्रद्धा अर्पित कर रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार से दयालबाग की लगभग 75 एकड़ भूमि पर पूरी तरह ऑर्गेनिक (जैविक) धान की रोपाई शुरू होगी। एग्रोइकोलॉजी आधारित इस विशेष कृषि अभियान में उत्तर अमेरिका, एशिया पैसिफिक सहित देश-विदेश से आए श्रद्धालु सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। कृषि, सेवा, अध्यात्म और प्रशिक्षण का यह अनूठा संगम दयालबाग में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

Jul 7, 2026 - 20:42
 0
दयालबाग में भक्ति और सेवा का संगम, 75 एकड़ में कल होगी ऑर्गेनिक धान रोपाई; वार्षिक भंडारे की तैयारियां तेज
दयालबाग के खेतों में चल रहे सेवा कार्य के दौरान गुरु महाराज प्रोफेसर सत्संगी साहब एवं परम रानी साहिबा की उपस्थिति में भजन प्रस्तुत करते 'संत सुपर ह्यूमन योजना' के बच्चे।

दयालबाग के खेतों में सेवा कार्य के लिए जुटे सत्संगी।

दयालबाग में वार्षिक भंडारे की तैयारियों के बीच खेतों में बड़े स्तर पर सेवा कार्य जारी है। श्रद्धालु कृषि कार्य में भाग लेकर श्रमदान कर रहे हैं। इस बार लगभग 75 एकड़ क्षेत्र में पूरी तरह जैविक पद्धति से धान की खेती की जाएगी। दयालबाग द्वारा अपनाई गई एग्रोइकोलॉजी प्रणाली के तहत प्राकृतिक एवं पर्यावरण अनुकूल खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है।

दोपहर एवं शाम की खेतों की शिफ्ट के दौरान कृषि कार्य के साथ-साथ हुजूर के दया मेहर के निर्देशों के अनुसार कृषि क्षेत्र में ही मिल्किंग (दूध दुहने) की विशेष व्यवस्था भी की गई। दयालबाग की गौशाला की पालतू गायों को खेतों में लाकर खुले प्राकृतिक वातावरण में दूध दुहने की प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन किया जा रहा है।

इस व्यवस्था का उद्देश्य स्थानीय लोगों और देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं को पारंपरिक एवं वैज्ञानिक डेयरी प्रबंधन का व्यावहारिक प्रशिक्षण देना है। इस दौरान विदेशों से आए सत्संगी, दयालबाग के निवासी तथा बड़ी संख्या में महिलाओं ने न केवल इस प्रक्रिया को देखा, बल्कि उत्साहपूर्वक इसमें भाग भी लिया।

खेतों में चल रहे सेवा कार्य के बीच अध्यात्म और संस्कृति का भी अद्भुत संगम देखने को मिला। गुरु महाराज प्रोफेसर सत्संगी साहब एवं परम रानी साहिबा की उपस्थिति में 'संत सुपर ह्यूमन योजना' के बच्चों ने अनुशासित एवं मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।

भारतीय लोक संगीत और भक्ति गीतों से सजे इस कार्यक्रम में बच्चों ने परम गुरु डॉ. एम.बी. लाल साहब महाराज को समर्पित भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत पंक्तियां— "सुनो सुनो, अजी सुनो सुनो, परम गुरु डॉक्टर लाल साहब ने यूनिवर्सिटी बनवाई थी, 'तमन्ना यही' की राह सबको सुझाई थी..." तथा "गूँज रहे सारे जग में रत्नांजली के बोल हैं..." ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

इस सांस्कृतिक कार्यक्रम का 'ई-सत्संग कैस्केड' के माध्यम से देश-विदेश की 580 से अधिक शाखाओं में लाइव प्रसारण किया गया। इसके जरिए लाखों श्रद्धालु ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया।

दयालबाग प्रशासन के अनुसार परम गुरु हुजूर डॉ. एम.बी. लाल साहब महाराज का वार्षिक भंडारा रविवार, 12 जुलाई को दोपहर में खेतों में आयोजित किया जाएगा। आयोजन में आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक नियमों का पालन, सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क का उपयोग अनिवार्य रखा गया है।

SP_Singh AURGURU Editor