युवा जोश, क्रिकेट का रोमांच और सामाजिक संकल्प का संगम: महाराजा अग्रसेन क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज़

आगरा में युवाओं की ऊर्जा, खेल भावना और सामाजिक एकता का शानदार प्रदर्शन उस समय देखने को मिला, जब अग्रवाल युवा संगठन द्वारा आयोजित महाराजा अग्रसेन क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ दयालबाग स्थित स्पोर्ट्स विजार्ड क्रिकेट ग्राउंड पर पूरे उत्साह और उल्लास के साथ हुआ। दीप प्रज्वलन, खिलाड़ियों का जोश, रोमांचक मुकाबले और दर्शकों की तालियों ने उद्घाटन दिवस को यादगार बना दिया।

Feb 28, 2026 - 19:43
 0
युवा जोश, क्रिकेट का रोमांच और सामाजिक संकल्प का संगम: महाराजा अग्रसेन क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज़
दयालबाग स्थित स्पोर्ट्स विजार्ड क्रिकेट ग्राउंड में अग्रवाल युवा संगठन द्वारा आयोजित महाराजा अग्रसेन क्रिकेट टूर्नामेंट में खंदारी और कचहरी घाट टीम के मध्य टॉस करवाते मुख्य अतिथि सुरेश चंद्र गर्ग।

आगरा। अग्रवाल युवा संगठन के तत्वावधान में आयोजित महाराजा अग्रसेन क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन रविवार को मुख्य अतिथि सुरेश चंद्र गर्ग, संस्थापक अध्यक्ष विनोद अग्रवाल एवं मुख्य संरक्षक विनय अग्रवाल द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सुरेश चंद्र गर्ग ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीमवर्क, नेतृत्व और एकता का सशक्त मंच है, जो युवाओं को सकारात्मक दिशा देता है।

पहले मुकाबले में रोमांच चरम पर

शुभारंभ के बाद मुख्य अतिथि द्वारा ताजगंज और बेलनगंज टीम के बीच पहले मुकाबले के लिए टॉस कराया गया। टॉस जीतकर ताजगंज टीम ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया।
15 ओवर के इस मैच में ताजगंज की टीम 67 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेलनगंज टीम भी दबाव में आ गई और मात्र 6 ओवर में 66 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। यह मुकाबला आखिरी गेंद तक दर्शकों को रोमांच से बांधे रहा।

दूसरे मैच में खंदारी की विस्फोटक जीत

दिन का दूसरा मुकाबला कचहरी घाट और खंदारी टीम के मध्य खेला गया, जो पूरे दिन का सबसे चर्चित मुकाबला साबित हुआ।
टॉस जीतकर खंदारी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 261 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। जवाब में कचहरी घाट टीम 6 विकेट पर मात्र 75 रन ही बना सकी। खंदारी टीम की तूफानी बल्लेबाजी और अनुशासित गेंदबाजी ने मैदान पर दर्शकों की जमकर तालियां बटोरीं।

तीसरा मुकाबला भी रहा कांटे का

तीसरे मैच में महानगर टीम और जयपुर हाउस टीम आमने-सामने रहीं। महानगर टीम ने 6 विकेट के नुकसान पर 158 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए जयपुर हाउस टीम ने 2 विकेट खोकर 151 रन बनाए। यह मुकाबला भी अंत तक रोमांचक बना रहा।

मैचों के दौरान अखलाक की जोशीली और जीवंत कमेंट्री ने पूरे मैदान का माहौल ऊर्जावान बनाए रखा। उनकी आवाज़ ने खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों का भी उत्साह दोगुना कर दिया।

आगे के मुकाबलों और सामाजिक आयोजनों की घोषणा

अध्यक्ष राकेश अग्रवाल ने बताया कि रविवार दोपहर 12 बजे से टूर्नामेंट का दूसरा दिन शुरू होगा, जिसमें सुल्तानपुरा और कमला नगर के बीच मुकाबला खेला जाएगा। इसके बाद एक सेमीफाइनल मैच आयोजित होगा।

उन्होंने बताया कि 2 मार्च को टूर्नामेंट के समापन के साथ होली मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा, वहीं 23 मार्च को प्रस्तावित निशुल्क मेडिकल कैंप के माध्यम से समाज सेवा के संकल्प को और मजबूती दी जाएगी।

इस अवसर पर महामंत्री अंकित अग्रवाल, कोषाध्यक्ष जितेंद्र अग्रवाल, संयोजक अंशुल बंसल, मयंक अग्रवाल, विकास बंसल, मयंक गर्ग, मोहित अग्रवाल, प्रदीप गोयल, कुणाल अग्रवाल सहित समन्वय समिति के विभु सिंघल, दीपक अग्रवाल, कपिल अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor