बंंगाल में कांग्रेस ने 284 सीटों पर उम्मीदवार उतारे, बहरामपुर से अधीर रंजन चौधरी लड़ेंगे
कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ भवानीपुर सीट पर प्रदीप प्रसाद को उतारकर कांग्रेस ने कड़ा मुकाबला पेश करने की कोशिश की है, जबकि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी खुद चुनावी मैदान में उतरकर पार्टी की वापसी की कमान संभालेंगे।
चौधरी बहरामपुर से चुनाव लड़ेंगे। पूर्व सांसद मौसम नूर मालतीपुर से चुनाव लड़ेंगी। कांग्रेस राज्य की 294 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ रही है। पार्टी ने एक ही बार में 284 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी।
कांग्रेस ने दार्जिलिंग से माधव राय, सुजापुर से अब्दुल हन्नान, दमदम से सुष्मिता बिस्वास, डायमंड हार्बर से गौतम भट्टाचार्य, आसनसोल दक्षिण से सौविक मुखर्जी और आसनसोल उत्तर से प्रसेनजीत पुइतांडी को भी मैदान में उतारा है।
इससे पहले कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के उम्मीदवारों के चयन को लेकर शनिवार को विस्तृत चर्चा की। प्रदेश में कांग्रेस इस बार सभी 294 सीट पर अकेले चुनाव लड़ रही है। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल और पश्चिम बंगाल के नेता शामिल हुए।पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी और सीईसी सदस्य अंबिका सोनी, मधुसूदन मिस्त्री, सलमान खुर्शीद, टीएस सिंहदेव, पीएल पुनिया और कुछ अन्य नेता भी बैठक में शामिल थे।