दाखिल-खारिज की फाइल पर 15 हजार लेते रंगे चकबंदी लेखपाल रंगे हाथ गिरफ्तार, बरेली में एंटी करप्शन टीम का एक्शन

-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच बरेली में भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने बुधवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए फरीदपुर तहसील में तैनात चकबन्दी लेखपाल को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। दाखिल-खारिज की पत्रावली निस्तारित करने के नाम पर रिश्वत मांगने वाले लेखपाल की गिरफ्तारी से तहसील प्रशासन में खलबली मच गई।

May 7, 2026 - 18:08
 0
दाखिल-खारिज की फाइल पर 15 हजार लेते रंगे चकबंदी लेखपाल रंगे हाथ गिरफ्तार, बरेली में एंटी करप्शन टीम का एक्शन
बरेली में रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा चकबंदी लेखपाल अजय।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली मंडल की ट्रैप टीम ने बुधवार रात करीब 20:50 बजे आरोपी अजय को रिश्वत की रकम लेते हुए दबोच लिया। आरोपी अजय मूल रूप से आवास विकास प्रथम, थाना कोतवाली नगर जनपद बुलंदशहर का निवासी है और वर्तमान में तहसील फरीदपुर में चकबन्दी लेखपाल के पद पर तैनात था। वह फरीदपुर के मोहल्ला बक्सरिया स्थित दिनेश के किराये के मकान में रह रहा था, जहां ट्रैप टीम ने पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली के ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता कविरुल हसन निवासी मल्हपुर, थाना भुता, तहसील फरीदपुर जनपद बरेली ने संगठन से शिकायत की थी कि उसके पिता की दाखिल-खारिज संबंधी पत्रावली के निस्तारण के एवज में लेखपाल अजय द्वारा रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने नियमानुसार जाल बिछाया और आरोपी को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली जनपद बरेली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया। गुरुवार को आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

SP_Singh AURGURU Editor