समाजसेवा के लिए अमेरिका में सम्मानित हुए पार्षद मुरारीलाल गोयल, व्यापारियों को दिया सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश
आगरा। सेवा, समाजहित और जनजागरण के कार्यों से वर्षों से शहर में अलग पहचान बना चुके समाजसेवी एवं पार्षद मुरारीलाल गोयल पेंट वाले तथा उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सुमन गोयल को अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें समाज के वंचितों, जरूरतमंदों और आमजन के हित में लगातार किए जा रहे सेवा-कार्यों के लिए प्रदान किया गया।
श्री गोयल सेवा आगरा, विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, नेशनल चैंबर और अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन सहित अनेक सामाजिक एवं औद्योगिक संगठनों से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। 12 मई से 17 मई तक न्यूयॉर्क (अमेरिका) में कंसाई नैरोलैक पेंट द्वारा आयोजित छह दिवसीय इंटरनेशनल सेमिनार में भाग लेने के लिए गोयल दंपति को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। सेमिनार के दौरान कंसाई नैरोलैक पेंट के इंटरनेशनल मैनेजिंग डायरेक्टर प्रवीण डी. चौधरी, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट राम मल्होत्रा, वाइस प्रेसिडेंट राम नाईक तथा जनरल मैनेजर एस. मदान ने ट्रॉफी भेंट कर उनका सम्मान किया।
अंतरराष्ट्रीय मंच से दिया सामाजिक चेतना का संदेश
कार्यक्रम में भारत सहित विभिन्न देशों से पहुंचे 111 चुनिंदा शीर्ष पेंट व्यापारियों को संबोधित करते हुए पार्षद मुरारीलाल गोयल पेंट वालों ने सड़क सुरक्षा और महिला शिक्षा जैसे अहम सामाजिक मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाया।
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच से ‘हेलमेट लगाओ, जीवन बचाओ’ और ‘बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ’ का नारा बुलंद करते हुए कहा कि व्यापार केवल लाभ कमाने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का भी बड़ा माध्यम है।
उन्होंने कहा कि हर व्यापारी को अपनी आय का एक हिस्सा जरूरतमंदों, गरीबों, असहायों और समाजहित के कार्यों में लगाना चाहिए। यदि व्यापारी वर्ग आगे आए तो देश में शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में बड़ा परिवर्तन संभव है।