12 वर्षों में बदली देश की तस्वीर और तकदीर, अब रूहेलखंड-बुंदेलखंड में एम्स की तैयारी: जेपीएस राठौर

-आरके सिंह- बरेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश सरकार के सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश की केवल तस्वीर ही नहीं, बल्कि तकदीर भी बदली है। राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर लिए गए निर्णयों और जनकल्याणकारी योजनाओं ने देश में विकास की नई इबारत लिखी है। उन्होंने कहा कि रूहेलखंड और बुंदेलखंड में एम्स की स्थापना की दिशा में तैयारियां चल रही हैं।

Jun 13, 2026 - 20:14
Jun 13, 2026 - 20:28
 0
12 वर्षों में बदली देश की तस्वीर और तकदीर, अब रूहेलखंड-बुंदेलखंड में एम्स की तैयारी: जेपीएस राठौर
बरेली में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए प्रदेश के सहकारिता राज्य मंत्री एवं बरेली के प्रभारी जेपीएस राठौर।

जेपीएस राठौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। पिछले 12 वर्षों में लगभग 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया। युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीबों के सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं लागू की गईं, जिससे लोगों का आत्मविश्वास बढ़ा है और देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से 2019 के दौरान जनधन योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, डीबीटी के माध्यम से सीधे खातों में धनराशि हस्तांतरण, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत योजना तथा निःशुल्क खाद्यान्न वितरण जैसी योजनाओं का व्यापक लाभ लोगों को मिला। उन्होंने कहा कि आज 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि कोई भी गरीब भूखा न रहे।

सहकारिता मंत्री ने कहा कि तीन तलाक कानून लागू कर महिलाओं को न्याय दिलाया गया। जीएसटी व्यवस्था में सुधार और कर दरों में कमी से व्यापार को भी मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद और नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है तथा राष्ट्रवाद की भावना को मजबूती मिली है। भारत आज वैश्विक नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़े हैं। किसानों की आय बढ़ाने, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और गरीबों को सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।

इस अवसर पर सांसद छत्रपाल गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, एमएलसी बहोरनलाल मौर्य, जयपाल सिंह व्यस्त, महाराज सिंह, विधायक संजीव अग्रवाल, मीरगंज विधायक डीसी वर्मा, नवाबगंज विधायक डॉ. एमपी आर्या, बिथरी विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor