कोल्ड स्टोरेज के नाम पर करोड़ों की ठगी, मुंबई ईओडब्ल्यू ने आगरा में दी दबिश

मुंबई ईओडब्ल्यू ने 7.5 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में आगरा के शमशाबाद क्षेत्र के गांव चितौरा में कार्रवाई करते हुए फरार आरोपियों के घरों पर धारा 82 के नोटिस चस्पा किए। कोल्ड स्टोरेज कंपनी के नाम पर निवेशकों से करोड़ों रुपये हड़पने का आरोप है। कोर्ट में पेश न होने पर अब आरोपियों के खिलाफ और सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

May 17, 2026 - 16:49
 0
कोल्ड स्टोरेज के नाम पर करोड़ों की ठगी, मुंबई ईओडब्ल्यू ने आगरा में दी दबिश
कोल्ड स्टोरेज पर नोटिस चस्पा करतीं मुंबई की आर्थिक अपराध शाखा के सदस्य।

कोल्ड स्टोरेज कंपनी के नाम पर करोड़ों की हेराफेरी का आरोप, कोर्ट में पेश न होने पर मुंबई ईओडब्ल्यू की दबिश से शमशाबाद क्षेत्र में मचा हड़कंप

आगरा। आगरा के शमशाबाद थाना क्षेत्र में मुंबई की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू ) की बड़ी कार्रवाई से हड़कंप मच गया। करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में मुंबई ईओडब्ल्यू  की टीम गांव चितौरा पहुंची और फरार चल रहे आरोपियों के घरों पर धारा 82 के तहत नोटिस चस्पा किए।

जानकारी के अनुसार मुंबई निवासी व्यवसायी लोकेन्द्र परिहार ने कोल्ड स्टोरेज कंपनी में निवेश के नाम पर करीब 7.5 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। मामले में भगवान सिंह, दिनेश और गौरव समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि आरोपियों ने बड़े मुनाफे और व्यवसाय विस्तार का झांसा देकर करोड़ों रुपये की रकम हड़प ली।

मुंबई ईओडब्ल्यू  की जांच में सामने आया कि आरोपियों को कई बार पूछताछ और कोर्ट में पेश होने के लिए नोटिस भेजे गए थे। इसके बावजूद आरोपी लगातार फरार रहे और अदालत में पेश नहीं हुए। अदालत द्वारा वारंट जारी होने के बाद भी गैरहाजिर रहने पर मुंबई की अदालत ने धारा 82 के तहत कार्रवाई के आदेश दिए।

इसी क्रम में मुंबई ईओडब्ल्यू  की टीम स्थानीय पुलिस के साथ गांव चितौरा पहुंची और आरोपियों के मकानों पर उद्घोषणा नोटिस चस्पा किए। कार्रवाई के दौरान गांव में भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द कोर्ट में उपस्थित होने का अंतिम मौका दिया गया है। यदि इसके बाद भी आरोपी पेश नहीं होते हैं तो उनकी संपत्ति कुर्क करने समेत अन्य कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मुंबई ईओडब्ल्यू की इस कार्रवाई को करोड़ों की आर्थिक धोखाधड़ी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। फिलहाल टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।