सीएसके को पहली जीत का इंतजार, दिल्ली से घमासान 11 को, एमएस धोनी की वापसी संभव
चेन्नई सुपरकिंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच शनिवार को मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में सीएसके के पूर्व कप्तान एमएस धोनी के खेलने की उम्मीदें हैं। धोनी इस सीजन में अभी तक एक भी मैच में खेलते हुए नहीं दिखे। दिल्ली के खिलाफ मैच से पहले धोनी ने ग्राउंड पर जमकर पसीना बहाया, जिसके बाद धोनी के दिल्ली के खिलाफ खेलने की उम्मीदें बढ़ गई हैं। मैच शाम 7.30 बजे से खेला जाएगा।
चेन्नई। चेन्नई सुपर किंग्स की टीम इस सीजन की पहली जीत के लिए बेताब है। शनिवार को जब वह आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स से भिड़ेगी, तो उसके अनुभवी ओपनर संजू सैमसन और रुतुराज गायकवाड़ पर अच्छा खेलने का दबाव रहेगा। सीएसके को तीन अलग-अलग मैदानों पर हार मिली है, जिससे उसकी शुरुआत निराशाजनक रही है। अगर सीएसके को जीतना है तो उसे बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में अच्छा प्रदर्शन करना होगा। अब तक खेले गए तीन मैचों में डेवाल्ड ब्रेविस की गैरमौजूदगी से टीम का संतुलन बिगड़ा है। उम्मीद है कि दक्षिण अफ्रीका के इस बल्लेबाज की वापसी दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में हो सकती है। हालांकि महेंद्र सिंह धोनी की वापसी को लेकर अभी भी स्थिति साफ नहीं है, क्योंकि वह पिंडली की चोट के कारण अब तक एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं।
सीएसके के लिए जरूरी है कि सैमसन और गायकवाड़ की ओपनिंग जोड़ी अच्छा खेले, वरना हालात और मुश्किल हो सकते हैं। कार्तिक शर्मा को भी मिडिल ऑर्डर में बेहतर खेल दिखाना होगा, जबकि प्रशांत वीर ने निचले क्रम में अच्छा प्रदर्शन किया है। सरफराज खान ही एकमात्र बल्लेबाज हैं जिन्होंने लगातार अच्छा खेल दिखाया है और खुद को साबित करना चाहते हैं। सीएसके के गेंदबाजों ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ 250 रन दिए, जो बल्लेबाजों के लिए बहुत बड़ा टारगेट था। खलील अहमद को छोड़कर बाकी सभी गेंदबाजों ने प्रति ओवर 12 या उससे ज्यादा रन दिए।
चेपॉक में यह सीजन का दूसरा मैच होगा। इससे पहले यहां पंजाब किंग्स ने 210 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल किया था। दिल्ली कैपिटल्स की टीम पिछले मैच में गुजरात टाइटन्स से एक रन से हार गई थी। जिससे उसे झटका लगा है। अक्षर पटेल की कप्तानी वाली टीम जानती है कि आईपीएल जैसे टूर्नामेंट में लय बनाए रखना कितना जरूरी है और वह अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से सीएसके की मुश्किलें बढ़ाना चाहेगी। गुजरात टाइटन्स के खिलाफ डेविड मिलर का एक रन न लेना पूरे सीजन चर्चा का विषय रहेगा, लेकिन ड्रेसिंग रूम में इस पर बात नहीं होगी। दक्षिण अफ्रीका के इस बल्लेबाज का यह फैसला उनके दिमाग पर असर डाल सकता है। उन्होंने आखिरी गेंद पर मैच खत्म करने की कोशिश की थी, लेकिन सफल नहीं हो पाए।
शुरुआती मैचों में अच्छा प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज मुकेश कुमार भी पिछले मैच में नहीं चल पाए और अपने चार ओवर में 55 रन दे दिए। इससे दिल्ली को पावरप्ले में अपनी रणनीति बदलनी पड़ सकती है। मिचेल स्टार्क की गैरमौजूदगी में लुंगी एनगिडी ने टी20 वर्ल्ड कप का शानदार प्रदर्शन जारी रखा है। बल्लेबाजी में केएल राहुल की फॉर्म में वापसी टीम के लिए अच्छा संकेत है, लेकिन नितीश राणा अब तक कमजोर कड़ी साबित हुए हैं। उन्हें जल्दी ही बड़ा स्कोर बनाना होगा।