आगरा के जरार में ज्वेलर्स के घर लूटपाटः बिजली काटकर घर में घुसे पांच हथियारबंद बदमाशों ने तमंचे की बट से प्रहार कर व्यापारी को घायल किया जबकि पत्नी को बांध दिया, दो अलमारियां खुलवाकर सोने की चेन, कॊलर, कान के आभूषण, दो अंगूठियां और चांदी लूट ली, मां के हाथों से सोने की चार चूड़ियां भी उतरवा ले गये
आगरा। आगरा के बाह थाना क्षेत्र स्थित जरार कस्बे में रविवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक ज्वेलर्स के घर पर सुनियोजित तरीके से धावा बोलकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। वारदात को अंजाम देने से पहले बदमाशों ने घर की बिजली काट दी, जिससे पूरा मकान अंधेरे में डूब गया। जैसे ही गृहस्वामी बिजली की जांच करने बाहर निकले, पहले से घात लगाए बैठे पांच बदमाश उन्हें धक्का देकर घर में घुस गए। विरोध करने पर व्यापारी के सिर पर तमंचे की बट से हमला किया और उनकी पत्नी के साथ मारपीट कर दोनों को बंधक बना लिया। वारदात के बाद बदमाश आराम से फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए कई टीमें गठित कर दी हैं।

डकैती की घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच करती हुई।
बिजली गुल होते ही जागे दंपती, बाहर निकलते ही घेर लिया
पीड़ित आभूषण व्यापारी अमरीश कुमार गुप्ता ने बताया कि रविवार रात करीब 12 बजे उनके बेडरूम में एसी अचानक बंद हो गया। पहले उन्हें लगा कि बिजली चली गई है। उन्होंने पंखा चलाने की कोशिश की, लेकिन वह भी नहीं चला। करीब 15 मिनट तक वह और उनकी पत्नी बिजली आने का इंतजार करते रहे। जब बिजली नहीं आई तो वह घर के बाहर लगे बिजली बोर्ड को देखने के लिए मुख्य दरवाजा खोलकर बाहर निकले।
दरवाजा खुलते ही घर में घुस गए पांच हथियारबंद बदमाश
अमरीश गुप्ता ने बताया कि जैसे ही उन्होंने दरवाजा खोला, बाहर पहले से मौजूद चार-पांच हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर घर के भीतर प्रवेश कर लिया। शोर सुनकर उनकी पत्नी बाहर आईं तो बदमाशों ने उनके साथ भी मारपीट की और दंपती के हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद बदमाशों ने तमंचे की बट से व्यापारी के सिर पर वार करते हुए आभूषणों के बारे में जानकारी मांगी।
अलमारियां खुलवाईं, सोना-चांदी समेटकर हुए फरार
जान बचाने के लिए व्यापारी बदमाशों को पहली अलमारी तक ले गए, जहां से करीब 400 ग्राम चांदी लूट ली गई। इसके बाद दूसरी अलमारी खुलवाकर उसमें रखी सोने की जंजीर, सोने का कॉलर, कानों के कुंडल तथा दो सोने की अंगूठियां निकाल लीं। इतना ही नहीं, बदमाशों ने व्यापारी की मां के हाथों से भी सोने की चार चूड़ियां उतरवा लीं।
सुनियोजित थी वारदात, पहले काटी गई थी बिजली
वारदात के बाद जब स्थिति सामान्य हुई तो पता चला कि घर की बिजली किसी तकनीकी कारण से नहीं गई थी, बल्कि बदमाशों ने जानबूझकर बिजली के तार काटकर पूरे मकान को अंधेरे में डुबो दिया था। पुलिस का मानना है कि बदमाश पूरी तैयारी और रेकी के बाद वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे।
पुलिस ने गठित की कई टीमें
घटना की सूचना मिलते ही थाना बाह पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से जानकारी जुटाई। मामले के खुलासे के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।