तीन माह बाद मिली बेटी: मोबाइल सर्विलेंस से आगरा पुलिस को बड़ी कामयाबी
आगरा। तीन माह से लापता युवती के मामले में आगरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मोबाइल नंबर की सर्विलेंस और लगातार की गई पड़ताल के बाद युवती को बरामद कर लिया गया और उसे सकुशल आगरा लाकर माता-पिता से मिलवा दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में थाना एत्मादुदद्दौला पुलिस की सक्रियता और सोशल एक्टिविस्ट भावना वरदान शर्मा के लगातार प्रयास महत्वपूर्ण रहे।
7 दिसंबर को घर से सामान लेने निकली और हो गई लापता
यमुना ब्रिज क्षेत्र में रहने वाले एक सफाई कर्मचारी ने 7 दिसंबर 2025 को अपनी पुत्री के अचानक गायब होने की सूचना थाना एत्मादुद्दौला में दर्ज कराई थी। परिजनों के अनुसार युवती घर के पास कुछ सामान लेने गई थी, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया और थाना एत्मादुदौला में शिकायत दर्ज कराई गई।
गायब रहने के दौरान तीन बार किया फोन
लापता होने के बाद युवती ने अपने माता-पिता से तीन बार फोन पर संपर्क किया था। पुलिस ने इन्हीं मोबाइल नंबरों को आधार बनाकर जांच शुरू की और सर्विलेंस के माध्यम से लोकेशन ट्रेस करने की प्रक्रिया तेज की। लगातार प्रयासों के बावजूद शुरुआती दिनों में कोई ठोस सुराग नहीं मिल पा रहा था।
सोशल एक्टिविस्ट ने उठाया मुद्दा, पुलिस पर बनाया दबाव
परिजनों ने युवती की तलाश के लिए सोशल एक्टिविस्ट भावना वरदान शर्मा से संपर्क किया। भावना वरदान शर्मा ने ट्विटर सहित अन्य माध्यमों से लगातार आगरा पुलिस से युवती की तलाश तेज करने की मांग उठाई।
विगत 2 मार्च को वह स्वयं थाना एत्मादुद्दौला पहुंचीं और थाना प्रभारी से मुलाकात कर मामले में तेजी लाने का आग्रह किया।
दर्ज था मुकदमा, डीसीपी सिटी ने दिए निर्देश
भावना वरदान शर्मा ने बताया कि इस मामले में थाना एत्मादुद्दौला पर मुकदमा अपराध संख्या 379/2025 धारा 87 बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत था।
डीसीपी सिटी आगरा ने उन्हें आश्वासन दिया कि युवती की शीघ्र बरामदगी के लिए थाना प्रभारी एत्मादुद्दौला को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद पुलिस ने सर्विलेंस के जरिए मोबाइल नंबरों की गहन जांच शुरू कर दी।
मोबाइल ट्रैकिंग से मिली लोकेशन
पुलिस ने जिन नंबरों से युवती ने माता-पिता से संपर्क किया था, उन्हें तकनीकी सर्विलेंस पर लेकर लगातार निगरानी की। आखिरकार मोबाइल नंबर ट्रैक होने पर युवती की लोकेशन का पता चल गया और पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।
भावना वरदान शर्मा ने जानकारी दी कि 6 मार्च को थाना एत्मादुद्दौला से चौकी इंचार्ज अरुण कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम के साथ युवती के माता-पिता को बरामदगी स्थल पर भेजा गया। वहां युवती को सुरक्षित बरामद कर माता-पिता से मिलवाया गया और बाद में उसे आगरा ले आया गया।
भावना वरदान शर्मा ने बताया कि डीसीपी सिटी आगरा, थाना एत्मादुद्दौला पुलिस और चौकी इंचार्ज अरुण कुमार के त्वरित प्रयासों से तीन माह से लापता युवती का पता लगाया जा सका। पुलिस की सक्रिय कार्रवाई के चलते आखिरकार परिवार को उनकी बेटी मिल सकी।