दीवानी कचहरी के बाहर बहू पर हमला, तारीख पर पहुंची महिला को ससुराल पक्ष ने घेरा, गला दबाने का आरोप

आगरा की दीवानी कचहरी के बाहर मुकदमे की तारीख पर पहुंची एक महिला ने अपने ससुराल पक्ष पर मारपीट, गला दबाने और जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि सास, ससुर और देवरों ने उसे घेरकर सड़क पर गिरा दिया और जमकर पीटा। राहगीरों की भीड़ जुटने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। न्यू आगरा थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Jun 18, 2026 - 20:34
 0
दीवानी कचहरी के बाहर बहू पर हमला, तारीख पर पहुंची महिला को ससुराल पक्ष ने घेरा, गला दबाने का आरोप

आगरा। आगरा के थाना न्यू आगरा क्षेत्र में स्थित दीवानी कचहरी के बाहर एक महिला के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पीड़िता ने अपने ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

नगला माकरौल, इटौरा निवासी पूनम पुत्री रवींद्र सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह 10 जून को एक मुकदमे की तारीख पर दीवानी कचहरी गई थी। आरोप है कि इसी दौरान उसके ससुर रामगोपाल राना, सास बृजेश देवी, देवर विष्णु तथा एक अन्य व्यक्ति ने उसे घेर लिया।

पीड़िता का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर मारपीट की। महिला का कहना है कि आरोपियों ने उसे सड़क पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा तथा उसका गला दबाने का भी प्रयास किया।

घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों और राहगीरों की भीड़ जमा होने लगी। भीड़ को अपनी ओर आता देख आरोपी वहां से फरार हो गए। पीड़िता ने घटना की शिकायत पुलिस से की, जिसके आधार पर थाना न्यू आगरा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।