मस्ती का दिन मातम में बदला, वाटर पार्क के स्विमिंग पूल में डूबकर 9 वर्षीय मासूम की मौत
आगरा के खंदौली क्षेत्र स्थित ब्लू व्हेल वाटर पार्क में स्विमिंग पूल में डूबने से 9 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद कर्मचारियों ने बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के बजाय वीडियो बनाने में समय गंवाया। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने वाटर पार्क को बंद कर जांच शुरू कर दी है।
दोस्तों के साथ नहाने गया था कक्षा दो का छात्र, कर्मचारियों पर समय पर मदद न करने का आरोप, पुलिस ने वाटर पार्क सील कर शुरू की जांच
आगरा। आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। गर्मी की छुट्टी का आनंद लेने दोस्तों के साथ वाटर पार्क गया नौ वर्षीय मासूम कभी घर वापस नहीं लौट सका। स्विमिंग पूल में डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि ग्रामीणों ने वाटर पार्क प्रबंधन की गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
दोस्तों के साथ गया था वाटर पार्क
खंदौली क्षेत्र के छोटा गुड़ा गांव निवासी अभि (9) बुधवार दोपहर अपने चचेरे भाई प्रशांत और गांव के अन्य बच्चों विकास, रवि, दिनेश तथा हरिओम के साथ पुरा लोधी स्थित ब्लू व्हेल वाटर पार्क घूमने और नहाने गया था। बताया गया कि शाम करीब चार बजे सभी बच्चे स्विमिंग पूल में नहा रहे थे। इसी दौरान अभि खेलते-खेलते गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद बच्चों ने उसे बचाने की कोशिश की और शोर मचाकर कर्मचारियों से मदद मांगी।
परिजनों का आरोप- समय पर मदद नहीं मिली
मृतक के परिजनों का आरोप है कि बच्चों के शोर मचाने के बावजूद वाटर पार्क के कर्मचारियों ने तत्काल राहत कार्य शुरू नहीं किया। उनका कहना है कि कर्मचारी पहले घटना का वीडियो बनाने में लगे रहे और काफी देर बाद बच्चे को पानी से बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने अभि को मृत घोषित कर दिया।
घर में मचा कोहराम
घटना की जानकारी मिलते ही अभि के परिजन बदहवास हालत में पहले वाटर पार्क और फिर अस्पताल पहुंचे। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। अभि अपने तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था और कक्षा दो का छात्र था।
वाटर पार्क प्रबंधन पर गंभीर आरोप
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने वाटर पार्क संचालक के खिलाफ जमकर हंगामा किया। उनका आरोप है कि हादसे के बाद संचालक मौके से फरार हो गया। मृतक के पिता राकेश ने वाटर पार्क संचालक केशव के खिलाफ खंदौली थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
सुरक्षा इंतजामों पर भी उठे सवाल
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में कई स्विमिंग पूल और वाटर पार्क बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, आवश्यक अनुमति और मानकों के संचालित हो रहे हैं। उनका कहना है कि ब्लू व्हेल वाटर पार्क में न तो प्रशिक्षित लाइफगार्ड तैनात थे और न ही आपातकालीन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम मौजूद थे। परिसर में सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे थे, जबकि यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे और परिवार आते हैं। ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि इसी वाटर पार्क में करीब एक वर्ष पहले भी डूबने से एक बालक की मौत हुई थी, लेकिन उसके बाद भी सुरक्षा व्यवस्था में कोई सुधार नहीं किया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और वाटर पार्क को बंद करा दिया। एसीपी एत्मादपुर देवेश कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना पुलिस द्वारा मुख्य गेट पर ताला लगाकर चाबी अपने साथ ले जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और मौके पर ही चाबी मंगवाकर पूरे परिसर का निरीक्षण कराया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसीपी ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।