आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र में रफ्तार का खूनी तांडव: तेज रफ्तार थार ने छीनी युवक की जिंदगी, ग्रामीणों ने शव रखकर सड़क पर लगाया जाम

आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर एक परिवार की खुशियां उजाड़ गया। फतेहाबाद-फिरोजाबाद मार्ग पर बेकाबू थार कार ने पहले अपाचे बाइक को टक्कर मारी, फिर हादसों की ऐसी श्रृंखला शुरू हुई कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया तथा आरोपी की गिरफ्तारी तक शव उठाने से इनकार कर दिया।

Jun 15, 2026 - 21:20
 0
आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र में रफ्तार का खूनी तांडव: तेज रफ्तार थार ने छीनी युवक की जिंदगी, ग्रामीणों ने शव रखकर सड़क पर लगाया जाम
फतेहाबाद-फिरोजाबाद रोड पर सोमवार की शाम हुई दुर्घटनाओं के बाद सड़क पर जाम लगाकर आक्रोश जताते लोग।

आगरा। फतेहाबाद-फिरोजाबाद मार्ग सोमवार को उस समय रणक्षेत्र में बदल गया, जब तेज रफ्तार थार कार ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के पहुंचने के बावजूद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उन्होंने शव उठाने से इनकार करते हुए सड़क जाम कर दी।

ससुराल से लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा

जानकारी के अनुसार मनीष पुत्र सांवलिया, निवासी बहादुरपुर, दयालबाग (आगरा) अपनी ससुराल फिरोजाबाद से अपाचे बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वह थाना फतेहाबाद क्षेत्र में भट्टे के पास फतेहाबाद-फिरोजाबाद मार्ग पर पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार थार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

एक टक्कर ने बना दी हादसों की श्रृंखला

थार की टक्कर लगते ही अपाचे बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रही एक्टिवा से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक्टिवा सड़क पर फिसलते हुए ट्रैक्टर के सामने पहुंच गई। अचानक सामने एक्टिवा आने से ट्रैक्टर चालक संतुलन खो बैठा और ट्रैक्टर सड़क किनारे खाई में पलट गया। कुछ ही सेकंड में सड़क पर चीख-पुकार मच गई।

मौके पर ही मौत, एक गंभीर घायल

भीषण टक्कर में बाइक सवार मनीष ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं एक्टिवा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।

वाहन छोड़कर फरार हुआ थार चालक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद थार चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही थाना फतेहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और थार कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फरार चालक की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।

शव उठाने से इनकार, सड़क पर लगा लंबा जाम

युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क से उठाने से इनकार कर दिया और फतेहाबाद-फिरोजाबाद मार्ग पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि आरोपी चालक को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

पुलिस समझाती रही, नहीं माने ग्रामीण

पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन देर तक ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। खबर लिखे जाने तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी हुई थी और शव मौके पर ही रखा था। क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

SP_Singh AURGURU Editor