सिकंदरा मेट्रो स्टेशन का नाम ‘वीरवर रामकी चाहर-राजाराम’ के नाम पर रखने की मांग तेज, विधायकों को सौंपे ज्ञापन
अखिल भारतीय जाट एकता एसोसिएशन ने सिकंदरा मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर ‘‘वीरवर रामकी चाहर-राजाराम मेट्रो स्टेशन’’ रखने की मांग को लेकर अभियान शुरू किया है। संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने फतेहपुर सीकरी विधायक चौधरी बाबूलाल को ज्ञापन सौंपा, जिन्होंने मुख्यमंत्री और राज्यपाल को समर्थन पत्र भेजने का आश्वासन दिया। इससे पहले आगरा उत्तर विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल को भी ज्ञापन दिया जा चुका है।
अखिल भारतीय जाट एकता एसोसिएशन ने शुरू किया जनजागरण अभियान, मुख्यमंत्री और राज्यपाल को समर्थन पत्र भेजने का मिला आश्वासन
आगरा। अखिल भारतीय जाट एकता एसोसिएशन ने सिकंदरा मेट्रो स्टेशन का नाम भारतीय संस्कृति के ध्वजवाहक और जाट वीरों ‘वीरवर रामकी चाहर-राजाराम’ के नाम पर रखने की मांग को लेकर अपना अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में संगठन के पदाधिकारियों ने मंगलवार को फतेहपुर सीकरी के विधायक चौधरी बाबूलाल से उनके कार्यालय पर मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और मेट्रो स्टेशन का नाम बदलने की मांग उठाई।
इस अभियान का नेतृत्व अखिल भारतीय जाट एकता एसोसिएशन के जिला शिक्षा अध्यक्ष यतेन्द्र सिंह सोलंकी कर रहे हैं। संगठन की ओर से चलाए जा रहे इस जनजागरण अभियान का उद्देश्य सिकंदरा मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर ‘‘वीरवर रामकी चाहर-राजाराम मेट्रो स्टेशन’’ किए जाने की मांग को जन-जन तक पहुंचाना है। ज्ञापन सौंपने के दौरान विधायक चौधरी बाबूलाल ने इस मांग को क्षेत्र की जनभावनाओं से जुड़ा विषय बताया। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वह इस प्रस्ताव के समर्थन में अपना पत्र उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल को भेजेंगे।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि यह केवल नामकरण का मुद्दा नहीं, बल्कि इतिहास और समाज के वीर योद्धाओं को सम्मान देने का प्रयास है। उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि वे इस अभियान को मजबूत बनाने के लिए सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से सकारात्मक समर्थन दें।
प्रतिनिधिमंडल में अखिल भारतीय जाट एकता एसोसिएशन के राष्ट्रीय संरक्षक कृपालु किंकर महाराज, विपिन चौधरी, अभियान संयोजक यतेन्द्र सिंह सोलंकी, स्पोर्ट्स प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. जे.पी. सिंह, कर्मचारी-अधिकारी प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष लाखन सिंह उंदेरा, प्रदेश प्रचार मंत्री एन.के. राणा, मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र इंदोलिया, पूर्व सैन्य अधिकारी रघुबीर सिंह चाहर, उदयवीर सिंह, चौधरी राजवीर सिंह, तोरण सिंह उर्फ पप्पू प्रधान और अंगनपुरा के ग्राम प्रधान गवर्नर सिंह समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि इससे पहले 13 जुलाई को इसी मांग को लेकर आगरा उत्तर के विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल को भी ज्ञापन सौंपा गया था। उस दौरान प्रगतिशील सभा के संरक्षक और वरिष्ठ कवि किंकर यादराम वर्मा, पूर्व एडीएम भी प्रतिनिधिमंडल के साथ मौजूद थे। उन्होंने विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल को अपनी दो पुस्तकें भी भेंट की थीं। संगठन का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मांग को लेकर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा और विभिन्न जनप्रतिनिधियों से समर्थन जुटाया जाएगा।