आगरा के बुद्धा पार्क की गिरी दीवार पर मुख्यमंत्री से उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

आगरा के कालिंदी विहार स्थित बुद्धा पार्क में नवनिर्मित दीवार ढहने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। भारतीय जाटव समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र सिंह ने इस घटना को गंभीर बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय, निष्पक्ष और तकनीकी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, भुगतान प्रक्रिया और संबंधित अधिकारियों व कार्यदायी संस्था की भूमिका की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है।

Jul 11, 2026 - 21:37
 0
आगरा के बुद्धा पार्क की गिरी दीवार पर मुख्यमंत्री से उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

आगरा। कालिंदी विहार स्थित बुद्धा पार्क में नवनिर्मित दीवार ढहने के मामले को लेकर भारतीय जाटव समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में उपेन्द्र सिंह ने कहा कि निर्माणाधीन नई दीवार का ढह जाना अत्यंत गंभीर और चिंताजनक घटना है। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता, कार्यदायी संस्था की जवाबदेही तथा निर्माण में अपनाए गए मानकों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

उन्होंने पत्र में कहा कि यदि जांच में निर्माण कार्य में अनियमितता, लापरवाही या भ्रष्टाचार की पुष्टि होती है, तो यह केवल सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला नहीं होगा, बल्कि जनहित के साथ भी सीधा खिलवाड़ माना जाएगा। उन्होंने प्रदेश सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में समयबद्ध, निष्पक्ष और तकनीकी जांच कराना आवश्यक है।

उपेन्द्र सिंह ने मुख्यमंत्री से मांग की कि बुद्धा पार्क की नवनिर्मित दीवार ढहने के पूरे मामले की उच्च स्तरीय एवं स्वतंत्र तकनीकी जांच कराई जाए। साथ ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रयुक्त निर्माण सामग्री, स्वीकृत तकनीकी मानकों और भुगतान प्रक्रिया की भी गहन जांच कराई जाए।

उन्होंने यह भी मांग की कि यदि जांच में किसी अधिकारी, कार्यदायी संस्था, ठेकेदार अथवा अन्य संबंधित व्यक्ति की लापरवाही, अनियमितता या भ्रष्टाचार सामने आता है तो उसके विरुद्ध कठोर विभागीय एवं विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

भारतीय जाटव समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जनहित में इस पूरे मामले का तत्काल संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।

SP_Singh AURGURU Editor