फूलों की होली में राधा-कृष्ण संग झूमे श्रद्धालु, श्रीजगन्नाथ मंदिर में गूंजे भक्ति के रंग

आगरा के श्रीजगन्नाथ मंदिर में होली के अवसर पर ग्यारह कुंतल फूलों से राधा-कृष्ण का अभिषेक किया गया। भक्ति संगीत, फूलों की होली और विशेष भोग के साथ श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक फाग उत्सव मनाया। इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए।

Mar 1, 2026 - 23:36
 0
फूलों की होली में राधा-कृष्ण संग झूमे श्रद्धालु, श्रीजगन्नाथ मंदिर में गूंजे भक्ति के रंग
श्रीजगन्नाथ मंदिर में होली के अवसर पर फूलों से राधा-कृष्ण का अभिषेक करते।

आगरा। श्रद्धा के सुरों से गुंजायमान श्रीजगन्नाथ मंदिर में आज होली के भक्तिमय रंग भी बिखरे थे। गुलाब, गेंदा, जाफरी और चमेली जैसे ग्यारह कुंतल फूलों से जब राधा-कृष्ण का अभिषेक हुआ तो हर तरफ शंखनाद के साथ राधा-कृष्ण के जयकारे गूंजने लगे। गोपी ड्रेस और धोती कुर्ता जैसे पारम्परिक परिधानों में सजकर आए श्रद्धालुओं ने राधा-कृष्ण संग फूलों की होली का आनन्द लिया। कीर्तन पर श्रहरि की भक्ति में झूमते गाते श्रद्धालु भक्ति के अलौकिक रंग में रंगे नजर आए।

इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु द्वारा संध्या आरती के उपरान्त ग्यारह कुंतल फूलों से राधा-कृष्ण के अभिषेक के साक्षी आज भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और बाई बलराम भी बने। फाग उत्सव के मौके पर मंदिर परिसर में हर तरफ भक्ति के रंग बिखरे थे । मंदिर में फूल बंगला सजा था। हर तरफ उत्सव का माहौल था। 

इससे पूर्व दिल्ली से आए भजन गायक हरिनाम प्रभु ने ऐ री सखी मंगल गाओ री..., छीन लियो मेरा भोला सा मन, सखी री मेरो राधा रमण..., जैसे भजनों के राग छेड़े तो हर श्रद्धालु भगवान की भक्ति में झूमने नाचने लगा। होली के पावन पर्व के मौके पर आज भगवान को ठंडाई, मठरी, गुंजिया जैसे व्यंजनों का भोग लगाया गया। 

इस अवसर पर मुख्य रूप से नितेश अग्रवाल, शैलेन्द्र अग्रवाल, सुनील मनचंदा, सुशील अग्रवाल, नवीन सिंघल, शैलेश बंसल, ओमप्रकाश अग्रवाल, राजीव मल्होत्रा, संजीव मित्तल, संजीव बंसल, राजेश उपाध्याय, संजय कुकरैजा, अदिति गौरांगी आदि उपस्थित थे।