निःशुल्क सोमनाथ यात्रा पर बरेली से रवाना हुए श्रद्धालु, हर जिले से चयनित यात्रियों को मिला मौका
-आरके सिंह- बरेली। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और आमजन को तीर्थ दर्शन से जोड़ने की दिशा में भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय की पहल अब ज़मीन पर उतरती नजर आ रही है। इसी क्रम में बरेली से चयनित तीर्थ यात्रियों का दल निःशुल्क सोमनाथ दर्शन के लिए रवाना हो गया। अपर जिलाधिकारी (नगर) सौरभ दुबे ने हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया, जो श्रद्धालुओं को लखनऊ तक लेकर जाएगी, जहां से 19 अप्रैल को वातानुकूलित (एसी थर्ड) ट्रेन के माध्यम से गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर के लिए प्रस्थान होगा।
उप निदेशक पर्यटन बरेली रविंद्र कुमार ने बताया कि यह विशेष यात्रा संस्कृति मंत्रालय और भारतीय रेलवे के समन्वय से संचालित की जा रही है, जिसका उद्देश्य धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करना है। इस योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के श्रद्धालुओं को भी निःशुल्क तीर्थ यात्रा का अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश से कुल 750 श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल होंगे, जिन्हें 18 अप्रैल को लखनऊ बुलाया गया है।
उन्होंने बताया कि 19 अप्रैल को लखनऊ से यह विशेष ट्रेन सोमनाथ के लिए रवाना होगी, जिसे हरी झंडी दिखाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आमंत्रित किया गया है।
यात्रा के लिए प्रदेश के प्रत्येक जिले से 10-10 श्रद्धालुओं का चयन किया गया है। चयन प्रक्रिया जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा की गई, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों को शामिल किया गया है। इसमें शॉपकीपर्स, स्ट्रीट वेंडर्स, महिलाएं, सरकारी योजनाओं के लाभार्थी, विद्यार्थी, वरिष्ठ नागरिक, तकनीकी सेवा कर्मचारी, आध्यात्मिक संस्थाओं से जुड़े लोग, कलाकार और सफाई कर्मी जैसे वर्ग शामिल हैं।
जनपद बरेली से इस यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं में विकास मौर्या (स्ट्रीट वेंडर), बिंदु (महिला), विवेक पटेल (एमएसएमई), वीरेन्द्र कुमार (सरकारी योजनाओं के लाभार्थी), संस्कार गोयल (एमबीए छात्र), ओमवती (सीनियर सिटीजन), मोहित गंगवार (वॉलन्टियर), अजयानन्द ब्रह्मचारी (अखाड़ा/आध्यात्मिक संस्था सदस्य), अंकित कुमार (सीमावर्ती गांव निवासी) तथा देवेंद्र कुमार (सफाई कर्मी) शामिल हैं।