डिग्री के बाद दिशा या दुविधा? सेंट जॉन्स कॉलेज में करियर चौपाल-2026 ने खोले भविष्य के दरवाज़े

आगरा। शिक्षा पूरी करने के बाद सही जानकारी और मार्गदर्शन ही एक सफल करियर की नींव रखता है। इसी उद्देश्य से सेंट जॉन्स कॉलेज के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल द्वारा ‘मेधा’ संस्था के सहयोग से करियर चौपाल-2026 का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों को बदलते समय के अनुरूप विविध करियर विकल्पों से रूबरू कराया गया।

Mar 1, 2026 - 16:07
 0
डिग्री के बाद दिशा या दुविधा? सेंट जॉन्स कॉलेज में करियर चौपाल-2026 ने खोले भविष्य के दरवाज़े
सेंट जॊन्स कॊलेज में रविवार को आयोजित करियर चौपाल-2026 में भाग लेने वाले अतिथिगण।

कार्यक्रम का उद्घाटन कॉलेज के प्राचार्य प्रो. एस.पी. सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के बाद करियर छात्रों के जीवन का सबसे निर्णायक पड़ाव होता है। यदि योग्यता, रुचि और स्किल्स के अनुरूप करियर चुना जाए तो यही चयन जीवन को नई दिशा देता है। आज करियर के अनेक नए क्षेत्र उपलब्ध हैं, लेकिन उनकी सही जानकारी और मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक है। करियर चौपाल का उद्देश्य भी छात्रों को जागरूक, सक्षम और आत्मनिर्भर बनाना है।

उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे पारंपरिक विकल्पों के साथ-साथ उभरते क्षेत्रों का भी अन्वेषण करें और उद्यमिता की भावना को अपनाएं।

कार्यक्रम के प्रारंभिक सत्र की शुरुआत डॉ. रचिता शर्मा के स्वागत संबोधन से हुई। इसके पश्चात ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के समन्वयक प्रो. राजू वी. जॉन ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए करियर चौपाल के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। औपचारिक उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

धन्यवाद ज्ञापन में अमित नेल्सन सिंह, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी, ने कहा कि करियर चौपाल निश्चित रूप से छात्रों को उनके करियर पथ पर प्रेरित और मार्गदर्शित करेगा। उन्होंने सभी संसाधन व्यक्तियों, अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

करियर चौपाल में इनकी रही मौजूदगी

करियर चौपाल में रिटेल सेक्टर से सुमित सुराना (वूमेन्स प्लाज़ा, बच्चूमाल), सशस्त्र बल से ब्रिगेडियर विनोद दत्ता, आतिथ्य उद्योग से अभय श्रीवास्तव (फेयरफील्ड मैरियट), बैंकिंग क्षेत्र से विकास चंचल (स्टेट बैंक ऑफ इंडिया), सरकारी रोजगार पर डॉ. चंद्र चुर दुबे (सहायक निदेशक, क्षेत्रीय रोजगार एक्सचेंज), सामाजिक क्षेत्र से श्वेता जादौन (आगरा आर्ट फेस्टिवल), फैशन इंडस्ट्री से डॉ. रेनुका डांग (सेकंड चांस), पर्यावरण क्षेत्र से अनिल शर्मा, प्रतियोगी परीक्षाओं पर राजीव शर्मा, चार्टर्ड अकाउंटेंसी से सीए नवनी भाटिया, इवेंट मैनेजमेंट एवं संगीत से विक्रम शुक्ला, सोशल इन्फ्लुएंसर के रूप में विराट राघव, एंकरिंग से श्रुति सिन्हा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से अरविंद दास, पत्रकारिता से डॉ. महेश धाकड़ तथा विधि क्षेत्र से अधिवक्ता अनुराग सिन्हा ने छात्रों का मार्गदर्शन किया।

मेंटॉरशिप सर्कल बना आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम के दूसरे चरण में कॉलेज के फुटबॉल ग्राउंड में मेंटॉरशिप सर्कल आयोजित किया गया, जहां छात्रों और विशेषज्ञों के बीच अनौपचारिक लेकिन गहन संवाद हुआ। छात्रों ने विभिन्न करियर विकल्पों, चुनौतियों और संभावनाओं पर सीधे सवाल पूछे और व्यावहारिक सलाह प्राप्त की।
इस सत्र को सफल बनाने में प्रो. राजू वी. जॉन, प्रो. प्रीति मसिह, डॉ. रचिता शर्मा, डॉ. विक्रम सिंह, डॉ. रुचि अग्रवाल, डॉ. मैथ्यू भास्कर सिंह, डॉ. अभिनव जोसेफ और डॉ. अब्राहम वर्गीज का योगदान रहा।

SP_Singh AURGURU Editor