आगरा छावनी के समग्र विकास को लेकर मंथन: सड़कों, सफाई, जलापूर्ति और बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने की बनी रणनीति, जनप्रतिनिधियों और सैन्य अधिकारियों ने मिलकर तय किया रोडमैप
आगरा छावनी क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा देने के लिए हुई अहम बैठक में जनप्रतिनिधियों और सैन्य प्रशासन ने मिलकर बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने का खाका तैयार किया। राज्यसभा सांसद नवीन जैन और विधायक डॊ. जीएस धर्मेश भी बैठक में मौजूद रहे।
आगरा। आगरा छावनी क्षेत्र के विकास को लेकर सोमवार को मॉल रोड स्थित छावनी परिषद कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक के दौरान सांसद नवीन जैन ने अधिकारियों के साथ मिलकर वर्तमान में चल रहे विकास कार्यों की गहन समीक्षा की और आगामी योजनाओं पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि छावनी क्षेत्र के निवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि विकास कार्यों में गति लाई जा सके और जनता को शीघ्र लाभ मिल सके।
इस महत्वपूर्ण बैठक में विधायक डॉ. जी. एस. धर्मेश, छावनी परिषद बोर्ड के उपाध्यक्ष राजेश गोयल, ब्रिगेडियर रजत त्यागी तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी दीपक मोहन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सभी ने एकमत होकर छावनी क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए ठोस कदम उठाने पर सहमति जताई।
बैठक में सड़कों की स्थिति सुधारने, स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने, जलापूर्ति को सुचारु बनाने और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं को बेहतर करने के प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई।
इन योजनाओं के क्रियान्वयन से आने वाले समय में छावनी क्षेत्र के निवासियों को बेहतर जीवन स्तर मिलने की उम्मीद जताई गई।
बैठक में यह भी तय हुआ कि विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा, जिससे छावनी क्षेत्र एक आदर्श और व्यवस्थित क्षेत्र के रूप में विकसित हो सके।