एसएन में गूंजी विकास और स्वास्थ्य क्रांति की चर्चा, 12 साल की उपलब्धियों पर हुआ मंथन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आगरा के एस.एन. मेडिकल कॉलेज में 'प्रबुद्ध जन संगोष्ठी' का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एवं सांसद प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और डॉ. जी.एस. धर्मेश सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए। वक्ताओं ने स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, आयुष्मान भारत योजना, मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर और एस.एन. मेडिकल कॉलेज में हुए विकास कार्यों को सरकार की बड़ी उपलब्धियां बताया।
12 वर्षों में स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव,एसएन में प्रबुद्ध जन संगोष्ठी, गिनाईं मोदी-योगी सरकार की उपलब्धियां
आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज के एल.टी.-4 सभागार में '12 साल के विश्वास, विकास और जनकल्याण' विषय पर प्रबुद्ध जन संगोष्ठी एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं में हुए विस्तार तथा चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में हुए बदलावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री तथा आगरा के सांसद एस.पी. सिंह बघेल, उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, आगरा उत्तर विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल तथा कैंट विधायक जी.एस. धर्मेश मौजूद रहे।
कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना (PMSSY) के तहत एस.एन. मेडिकल कॉलेज को नई सुविधाएं मिली हैं। उन्होंने बताया कि आज मेडिकल कॉलेज में ओपन हार्ट बाईपास सर्जरी जैसी जटिल चिकित्सा सेवाएं सफलतापूर्वक संचालित हो रही हैं, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को भी उच्च स्तरीय उपचार उपलब्ध हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य स्वास्थ्य सुविधाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है और इसी दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
आयुष्मान भारत योजना बनी गरीबों का सहारा
कार्यक्रम में वक्ताओं ने आयुष्मान भारत योजना को स्वास्थ्य क्षेत्र की सबसे बड़ी जनकल्याणकारी योजनाओं में से एक बताया। कहा गया कि इस योजना के माध्यम से लाखों परिवारों को मुफ्त उपचार की सुविधा मिल रही है। केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर, नेशनल हेल्थ मिशन और ई-संजीवनी जैसी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल और सुलभ बनाने की दिशा में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उन्होंने बताया कि 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए केवल आधार कार्ड के आधार पर आयुष्मान कार्ड की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
स्वास्थ्य सुविधाओं में हुआ व्यापक विस्तार
आगरा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं की पहुंच और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी दी। वहीं एस.एन. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं डीन डॉ. प्रशांत गुप्ता ने चिकित्सा शिक्षा, नए इंफ्रास्ट्रक्चर, आधुनिक उपकरणों और अत्याधुनिक उपचार सुविधाओं में हुए विकास को विस्तार से प्रस्तुत किया।
देशभर में बढ़ा मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर
संगोष्ठी में बताया गया कि वर्ष 2014 में देश में केवल 7 एम्स संस्थान थे, जबकि अब उनकी संख्या बढ़कर 23 हो गई है। इसके साथ ही देशभर में मेडिकल कॉलेजों और जिला अस्पतालों के विस्तार तथा उनके आधुनिकीकरण पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में संसाधनों की उपलब्धता बढ़ने से मरीजों को बेहतर और त्वरित उपचार मिल रहा है।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार
कार्यक्रम में मातृ मृत्यु अनुपात (MMR) और शिशु मृत्यु दर (IMR) में आई कमी को भी महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया। संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए मिलने वाली सहायता राशि, महिलाओं के व्यापक टीकाकरण अभियान तथा महिला कैंसर वैक्सीनेशन जैसे कार्यक्रमों पर भी चर्चा की गई।
डिजिटल हेल्थ मिशन पर जोर
वक्ताओं ने आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (ABHA ID) के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड प्रणाली से मरीजों को देशभर में बेहतर और सहज चिकित्सा सेवाएं प्राप्त करने में सुविधा मिल रही है।
प्रबुद्ध जनों के साथ हुआ संवाद
संगोष्ठी में चिकित्सकों, शिक्षकों, समाजसेवियों और शहर के प्रबुद्ध नागरिकों के साथ विकास, स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद किया गया। कार्यक्रम में डॉ. सुशील गुप्ता, डॉ. पूरन डाबर, डॉ. पंकज सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक, शिक्षक, गणमान्य नागरिक और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।