टीयर्स के 35वें स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र का शुभारंभ, दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण को मिलेगी नई दिशा

आगरा। टीयर्स के 35वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण और पुनर्वास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र का शुभारंभ किया गया। केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने केंद्र का फीता काटकर उद्घाटन किया।

Jul 12, 2026 - 22:12
 0
टीयर्स के 35वें स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र का शुभारंभ, दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण को मिलेगी नई दिशा
टीयर्स के 35वें स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र का उद्घाटन करने के बाद दिव्यांगजनों के साथ केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल एवं अन्य।।

इस अवसर पर प्रो. बघेल ने कहा कि केंद्र सरकार दिव्यांगजनों के कल्याण, पुनर्वास और आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र जैसे संस्थान दिव्यांगजनों को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर भी प्रदान करेंगे।

राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने टीयर्स संस्था द्वारा पिछले 35 वर्षों से समाज सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था ने जरूरतमंद और दिव्यांगजनों की सेवा में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने संस्था के पदाधिकारियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया।

संस्था की निदेशिका डॉ. रीता अग्रवाल ने प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र के उद्देश्यों एवं सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र के माध्यम से दिव्यांगजनों को परामर्श, सहायक उपकरण, पुनर्वास सेवाएं तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।

कार्यक्रम में एलिम्को के नोडल अधिकारी एस.के. रथ, प्रवीणा राजावत, शास्त्रीपुरम की पार्षद प्रवीणा राजावत, पार्षद गौरव शर्मा, पूर्व विधायक सावित्री कठेरिया, नवीन गौतम, श्रीमती एवं श्री मृनाल अग्रवाल, राजेश गर्ग, सीमा घोष, विनोद अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल तथा दीपक मित्तल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor