पीएम मोदी के आह्वान पर डीएम मनीष बंसल ने की आगरा मेट्रो से यात्रा, विश्वस्तरीय सुविधाओं की सराहना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के आह्वान के बाद आगरा के जिलाधिकारी मनीष बंसल ने आगरा मेट्रो से यात्रा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने ताज ईस्ट गेट से मनकामेश्वर स्टेशन तक सफर किया और मेट्रो की विश्वस्तरीय सुविधाओं की सराहना की। इसके बाद आगरा कॉलेज मेट्रो स्टेशन के निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

May 28, 2026 - 19:09
 0
पीएम मोदी के आह्वान पर डीएम मनीष बंसल ने की आगरा मेट्रो से यात्रा, विश्वस्तरीय सुविधाओं की सराहना
डीएम मनीष बंसल अधिकारियों संग मेट्रो स्टेशन पर।

आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से सार्वजनिक परिवहन और मेट्रो सेवाओं के अधिक उपयोग का आह्वान किए जाने के बाद गुरुवार को आगरा के जिलाधिकारी मनीष बंसल ने आगरा मेट्रो में सफर कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मेट्रो की आधुनिक सुविधाओं, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था और यात्री सुविधाओं की सराहना करते हुए इसे शहर के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।

डीएम मनीष बंसल ने अधिकारियों के साथ ताज ईस्ट गेट मेट्रो स्टेशन से मनकामेश्वर मेट्रो स्टेशन तक यात्रा की। यात्रा के दौरान उन्होंने यात्रियों से संवाद कर उनकी प्रतिक्रियाएं भी जानीं। उन्होंने कहा कि आगरा मेट्रो न केवल शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और समय की बचत में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस अवसर पर आगरा मेट्रो परियोजना निदेशक अरविंद राय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मेट्रो संचालन, स्टेशन प्रबंधन, सुरक्षा इंतजाम और तकनीकी व्यवस्थाओं की जानकारी डीएम को दी।

मेट्रो यात्रा के बाद डीएम ने बैलेंस सेक्शन के अंतर्गत निर्माणाधीन आगरा कॉलेज मेट्रो स्टेशन का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और सुरक्षा मानकों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं ताकि यात्रियों को जल्द बेहतर और सुरक्षित सुविधाएं मिल सकें।

डीएम ने कहा कि आगरा जैसे ऐतिहासिक और पर्यटन नगरी में मेट्रो सेवा शुरू होने से स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने नागरिकों से भी अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील की।