38 दिन पहले सजी थी डोली, अब उठी अर्थी, ताजगंज में नवविवाहिता का दर्दनाक अंत
आगरा के थाना ताजगंज क्षेत्र के पुरानी मंडी में 18 वर्षीय नवविवाहिता ने ससुराल में पंखे से फंदा लगाकर कथित आत्महत्या कर ली। युवती की शादी 4 फरवरी को हुई थी और महज 38 दिन बाद उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है और पुलिस ने पति नितिन व उसके पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
आगरा। थाना ताजगंज क्षेत्र के पुरानी मंडी इलाके से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 18 वर्षीय नवविवाहिता ने अपने ही ससुराल में कथित तौर पर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि युवती के मायके पक्ष में मातम छा गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की शादी इसी वर्ष 4 फरवरी को थाना ताजगंज क्षेत्र के बाग खिन्नी महल निवासी नरेंद्र शर्मा के पुत्र नितिन के साथ हुई थी। शादी को अभी महज 38 दिन ही हुए थे कि नवविवाहिता की मौत की खबर ने दोनों परिवारों को हिला कर रख दिया।
मृतका के पिता रमेश चंद ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी पूरे रीति-रिवाज और उम्मीदों के साथ की थी, लेकिन शादी के इतने कम समय बाद बेटी द्वारा ऐसा कदम उठा लेना उनकी समझ से परे है। उन्होंने कहा कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि उनकी बेटी को अपनी जान देनी पड़ी, यह सवाल पूरे परिवार को अंदर तक तोड़ रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना ताजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का निरीक्षण करने के बाद युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। नवविवाहिता की मौत के पीछे घरेलू कलह, मानसिक दबाव या अन्य किसी वजह की आशंका को ध्यान में रखते हुए हर पहलू से पड़ताल की जा रही है। शुरुआती कार्रवाई के तहत पुलिस ने पति नितिन और उसके पिता को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। उधर, इस घटना के बाद मायके पक्ष का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।